Kangra News: उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की स्थायी पीठ के प्रस्ताव और कांगड़ा एयरपोर्ट के रनवे विस्तार को ऐतिहासिक निर्णय बताया है। उन्होंने कहा कि इससे निचले हिमाचल के लोगों को न्यायिक सुविधाएं नजदीक मिलेंगी और कांगड़ा घाटी में पर्यटन व रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए लिए गए इन फैसलों का लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र और वर्ग तक पहुंच रहा है।
मंगलवार को जारी प्रेस बयान में पठानिया ने कहा कि धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की स्थायी पीठ स्थापित करने का प्रस्ताव विधानसभा में लाना दूरगामी सोच वाला कदम है। इससे कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर, ऊना और मंडी सहित निचले हिमाचल के अन्य जिलों के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए शिमला की लंबी यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।
पठानिया के अनुसार, स्थायी पीठ बनने से लोगों के समय और धन की बचत होगी तथा न्याय तक उनकी पहुंच आसान बनेगी। उन्होंने कहा कि निचले क्षेत्रों के लोगों को अपने क्षेत्र के समीप न्यायिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है और इससे क्षेत्रीय संतुलन व जनसुविधाओं के विस्तार को बल मिलेगा। उन्होंने इस प्रस्ताव के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने की पहल
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि कांगड़ा जिले को प्रदेश की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। गगल स्थित कांगड़ा हवाई अड्डे के रनवे को मौजूदा 1,376 मीटर से बढ़ाकर 3,010 मीटर करने की योजना इसी दिशा में एक बड़ा कदम है।
उन्होंने बताया कि रनवे विस्तार से एयरबस ए-320 जैसे बड़े विमानों के संचालन का रास्ता खुलेगा। बड़े विमानों की लैंडिंग संभव होने से कांगड़ा घाटी, धर्मशाला और मैक्लोडगंज में पर्यटन गतिविधियों को गति मिलेगी।
पठानिया के मुताबिक, बेहतर हवाई संपर्क से देश-विदेश के पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी। इससे होटल व्यवसाय, स्थानीय व्यापार, टैक्सी ऑपरेटरों, होम-स्टे संचालकों और युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर बनेंगे।