Shimla News: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक जैसे गंभीर अपराध पर स्पष्ट संदेश दिया है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यह करोड़ों युवाओं के हितों की रक्षा के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दिखाता है।
सुक्खू सरकार के रवैये और पुलिस भर्ती पर उठाए सवाल
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्र के उलट हिमाचल की सुक्खू सरकार का रवैया बिल्कुल अलग है। राज्य के मंत्री सार्वजनिक मंचों से सिफारिश पर नौकरी देने की बात करते हैं। स्कूल शिक्षा बोर्ड की भर्ती में एक ही क्षेत्र के लोगों के चयन पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने पुलिस भर्ती मामले में सरकार की चुप्पी पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में गिरफ्तारियां, नकदी और लेन-देन के प्रमाण मिले थे। अभ्यर्थियों ने सामूहिक नकल का आरोप लगाकर सीसीटीवी फुटेज जांच की मांग की थी। लेकिन सरकार ने जांच रोक दी। सीबीआई जांच की रिपोर्ट दबा दी गई और दोषी अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दे दी गईं। मुख्यमंत्री को अपनी सरकार का आकलन करना चाहिए।
संसद में चर्चा को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
संसद में पेपर लीक के मुद्दे पर जयराम ठाकुर ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस की नीयत साफ होती तो वह युवाओं के भविष्य से जुड़े विषय पर सार्थक चर्चा करती। शर्तें लगाकर संसद की कार्यवाही बाधित करना दुर्भाग्यपूर्ण है। बीजेपी ठोस समाधान चाहती है, जबकि कांग्रेस केवल राजनीति कर रही है।