Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ के समर्थन में लगे पोस्टरों ने कांग्रेस के भीतर सियासी हलचल तेज कर दी है। भोपाल स्थित कमलनाथ के आवास पर आयोजित होने वाले दीपावली मिलन समारोह से पहले लगे इन पोस्टरों को पार्टी में नेतृत्व और शक्ति संतुलन की चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बार फिर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस बार चर्चा के केंद्र में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे और पूर्व सांसद नकुलनाथ हैं। भोपाल में होने वाले उनके दीपावली मिलन कार्यक्रम से पहले प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगे एक पोस्टर ने पार्टी के भीतर गुटबाजी और नेतृत्व को लेकर नई बहस को जन्म दे दिया है।
पोस्टर से तेज हुई नेतृत्व की चर्चा
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने एक पोस्टर लगाया है, जिस पर लिखा है— ‘मध्य प्रदेश की मजबूरी है, नकुलनाथ जरूरी है’। इस पोस्टर के सियासी मायने इसलिए भी अहम माने जा रहे हैं, क्योंकि कुछ दिन पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक बयान में कहा था कि पार्टी 2028 का विधानसभा चुनाव जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के नेतृत्व में लड़ेगी। दिग्विजय सिंह के इस बयान के बाद नकुलनाथ के समर्थन में लगे पोस्टरों को पार्टी के भीतर शक्ति संतुलन और नेतृत्व की दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है।
कमलनाथ के बंगले पर दीपावली मिलन समारोह
पोस्टर विवाद के बीच नकुलनाथ भोपाल में एक बड़ा दीपावली मिलन समारोह आयोजित करने जा रहे हैं। यह कार्यक्रम पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बंगले पर रखा गया है। इसमें पार्टी के विधायकों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। राजनीतिक गलियारों में इस आयोजन को प्रदेश की राजनीति में नकुलनाथ की सक्रियता बढ़ाने और शक्ति प्रदर्शन के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
‘री-लॉन्चिंग’ की अटकलों पर कांग्रेस की सफाई
नकुलनाथ के इस कार्यक्रम और पोस्टर को लेकर उठ रहे सवालों पर कांग्रेस के पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह पटेल ने पार्टी का पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि राजनीति में ‘री-लॉन्चिंग’ जैसा कुछ नहीं होता है। नकुलनाथ पहले भी सांसद रह चुके हैं और लगातार सक्रिय राजनीति में हैं। वे न केवल महाकौशल क्षेत्र में सक्रिय रहते हैं, बल्कि दिल्ली में भी संगठन का काम देख रहे हैं। दीपावली के अवसर पर सभी से मिलना-जुलना हो जाएगा, अब इसे कौन किस नजरिए से देख रहा है, यह अलग बात है।
2024 लोकसभा चुनाव में मिली थी हार
नकुलनाथ पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ के बेटे हैं। वे साल 2019 में छिंदवाड़ा से सांसद चुने गए थे और उस समय मध्य प्रदेश से कांग्रेस के इकलौते सांसद थे। हालांकि, साल 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें भाजपा उम्मीदवार विवेक कुमार साहू से हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव परिणाम के बाद से ही उन पर पार्टी के कई कार्यक्रमों से दूर रहने के आरोप लग रहे थे। अब दीपावली मिलन समारोह के जरिए वे एक बार फिर प्रदेश की राजनीति में अपनी सक्रियता बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं।