Shimla News: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर स्वास्थ्य क्षेत्र में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा नि:शुल्क दवा योजना के तहत भेजी गई धनराशि का राज्य सरकार सही उपयोग नहीं कर पा रही है। इस प्रशासनिक विफलता के कारण मरीजों को उचित इलाज और जरूरी दवाएं नहीं मिल पा रही हैं।
जयराम ठाकुर ने शिमला में बयान जारी कर कहा कि राज्य सरकार केंद्र से मिले करोड़ों रुपए वापस कर चुकी है। विधानसभा में अतारांकित प्रश्न के जवाब का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में स्वीकृत 211.29 करोड़ रुपए में से केवल 165.60 करोड़ रुपए ही खर्च हो सके, जबकि 45.69 करोड़ रुपए बिना इस्तेमाल रह गए।
तीन वर्षों में केंद्र से मिले करोड़ों के बजट का नहीं हुआ उपयोग
नेता प्रतिपक्ष ने वित्तीय आंकड़े साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2024-25 में 80.10 करोड़ में से 66.22 करोड़ और 2025-26 में 95.30 करोड़ में से 74.31 करोड़ ही खर्च हुए। वहीं वर्ष 2026-27 में एक अगस्त तक 35.89 करोड़ में से 25.07 करोड़ रुपए खर्च किए गए। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए केंद्र पर झूठे आरोप लगा रही है।