Himachal Pradesh News: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्य सरकार पर टैक्स और शुल्क बढ़ाकर हर वर्ग को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा होटलों के संचालन सहमति शुल्क में अढ़ाई गुना बढ़ोतरी और पांच साल का शुल्क एक साथ वसूलने का विरोध किया। ठाकुर ने बढ़ी दरें वापस लेने की मांग की।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्य सरकार पर हर वर्ग को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता पर टैक्स और शुल्क लादने की योजना पर काम कर रही है, जबकि उसे प्रदेश के आय के साधन बढ़ाने के लिए प्रभावी योजनाएं बनानी चाहिए।
जयराम ठाकुर ने बताया कि प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने होटलों के संचालन सहमति शुल्क में अढ़ाई गुना वृद्धि की है और पांच साल का शुल्क एक साथ वसूला जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ज्यादातर लोग अपने होटल एक साल की लीज पर देते हैं, ऐसे में संचालक पांच वर्ष का शुल्क एक साथ कहां से देंगे। उन्होंने इस फैसले को वापस लेने की मांग की है।
ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार का गवर्नेंस मॉडल जनता और कारोबारियों पर बेहिसाब शुल्क लगाने का बन गया है। उनके अनुसार सरकार अपनी वित्तीय विफलताओं को छिपाने और खर्चे कम करने के बजाय ऐसे अनुचित कदम उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सभी सरकारों ने पर्यटन के विकास के लिए काम किया, लेकिन वर्तमान सरकार पर्यटन की कमर तोड़ने का प्रयास कर रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने शुल्क ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। इसके तहत 10 से 13 कमरों वाले ग्रीन श्रेणी के छोटे होटल संचालकों को पांच साल के लिए 72 हजार रुपए के बजाय सीधे 1.80 लाख रुपए देने होंगे। इससे उन पर 1.08 लाख रुपए का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। उनका वार्षिक शुल्क भी 14,400 रुपए से बढ़ाकर 36,000 रुपए कर दिया गया है।
फीस बढ़ाकर खजाना भरने का प्रयास कर रही सरकार
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि गाड़ियों के अलावा स्कूल-कॉलेज और इलाज जैसी आवश्यक सेवाओं पर भी शुल्क बढ़ाया जा रहा है। इसके साथ ही तहसील में राजस्व से जुड़े छोटे कार्यों के लिए भी भारी फीस वसूलकर सरकारी राजस्व बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि राजस्व कार्यों के शुल्क में की गई भारी बढ़ोतरी से आम जनता पर इतना बोझ पड़ गया है कि लोग अपने जरूरी काम करवाने से भी कतराने लगे हैं।