New Delhi News: आईआईटी मद्रास, दिल्ली और आईआईएम अहमदाबाद के बाद अब देश के कई और आईआईटी व आईआईएम विदेशों में अपने कैंपस खोलने की तैयारी में हैं। आईआईटी बॉम्बे ने अमेरिका और जापान के विश्वविद्यालयों के साथ समझौता किया है, जबकि आईआईटी खड़गपुर मलेशिया और आईआईएम बेंगलुरु इंडोनेशिया में कैंपस की तैयारी कर रहे हैं।
देश से बाहर अभी तंजानिया के जांजीबार में आईआईटी मद्रास, अबूधाबी में आईआईटी दिल्ली और दुबई (यूएई) में आईआईएम अहमदाबाद ने अपने कैंपस शुरू किए हैं। विदेश में कैंपस खोलने की यह अनुमति नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) आने के बाद मिली है। माना जा रहा है कि अगले साल के अंत तक देश से बाहर कई और आईआईटी व आईआईएम के कैंपस शुरू हो सकते हैं।
आईआईटी बॉम्बे और खड़गपुर की तैयारी
जागरण ब्यूरो की खबर के मुताबिक, आईआईटी बॉम्बे ने अमेरिका व जापान के विश्वविद्यालयों के साथ मिलकर कैंपस खोलने के लिए समझौता कर लिया है। वहीं, आईआईटी खड़गपुर ने मलेशिया में अपना कैंपस खोलने को लेकर रुचि दिखाई है। इसके साथ ही आईआईएम बेंगलुरु भी इंडोनेशिया में अपना कैंपस शुरू करने की तैयारी में है।
किन देशों में खुल सकते हैं कैंपस
आईआईटी और आईआईएम के ग्लोबल ब्रांड बनने के बाद कई एशियाई और खाड़ी देशों की ओर से इनके कैंपस खोलने की मांग भी है। फिलहाल जिन देशों में कैंपस खोलने का प्रस्ताव है, उनमें नेपाल, भूटान, इंडोनेशिया, मलेशिया के साथ ही नाइजीरिया व सऊदी अरब सहित कई अफ्रीकी व खाड़ी देश शामिल हैं।
खास बात यह है कि इनमें से नेपाल और नाइजीरिया में सरकार इनके कैंपस खोलने का ऐलान भी कर चुकी है। सूत्रों के मुताबिक, आईआईटी दिल्ली व मद्रास अब विदेश में अपने दूसरे कैंपस खोलने की तैयारी भी कर रहे हैं। इसमें आईआईटी दिल्ली अब दुबई में अपना एक और कैंपस खोलने पर विचार कर रही है, जबकि आईआईटी मद्रास भी इंडोनेशिया में अपने नए कैंपस की संभावनाएं तलाश रहा है।
भारत में विदेशी विश्वविद्यालयों को भी अनुमति
इसी तरह देश में भी विदेशी विश्वविद्यालयों को अपने कैंपस खोलने की अनुमति दी जा रही है। अब तक 19 विदेशी विश्वविद्यालयों को अनुमति दी जा चुकी है। इनमें से करीब चार विदेशी विश्वविद्यालयों के कैंपस शुरू भी हो गए हैं।