यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों की समीक्षा के लिए निर्वाचन आयोग 26-27 नवंबर को गोरखपुर में करेगा बैठक

Share

- Advertisement -

Gorakhpur News: निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों की मंडलवार समीक्षा तेज कर दी है। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग 26 और 27 नवंबर को गोरखपुर में पांच मंडलों की चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगे। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण, मतदान केंद्रों की स्थिति और कानून-व्यवस्था पर चर्चा होगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ के अनुसार, मेरठ और आगरा के बाद अब वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग आयोग के अन्य अधिकारियों के साथ गोरखपुर में चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगे। बैठक में गोरखपुर, मीरजापुर, आजमगढ़, बस्ती और वाराणसी मंडल में आने वाले सभी जिलों के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी शामिल होंगे। प्रदेश में आयोग का यह तीसरा दौरा होगा।

आयोग की इस समीक्षा का उद्देश्य चुनाव की घोषणा से पहले ही सभी जिलों में तैयारियों का आकलन करना और कमियों को समय रहते दूर कराना है। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण, मतदान केंद्रों की स्थिति, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों की पहचान, कानून-व्यवस्था तथा सुरक्षा बलों की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा होगी।

मेरठ और आगरा में हो चुकी है समीक्षा

इससे पहले दो नवंबर को मेरठ में चार मंडलों मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद व अलीगढ़ के 18 जिलों की समीक्षा की गई थी। इसके बाद 19 नवंबर को आगरा में पांच मंडलों आगरा, बरेली, झांसी, कानपुर व चित्रकूट के 21 जिलों की चुनावी तैयारियों का जायजा लिया गया। अब गोरखपुर में समीक्षा होगी।

गोरखपुर की बैठक में संबंधित जिलों के अधिकारी पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अब तक की तैयारियों, निर्वाचन व्यवस्थाओं और आगामी कार्ययोजना की जानकारी देंगे। आयोग के वरिष्ठ अधिकारी इन प्रस्तुतियों के आधार पर तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था पर विशेष रूप से चर्चा होगी।

शेष मंडलों की बैठक लखनऊ में होगी

इस बैठक के बाद शेष मंडलों की बैठक लखनऊ में होगी। यहां लखनऊ, प्रयागराज व अयोध्या मंडल के जिलों की भी समीक्षा होगी। हालांकि अभी इसकी तिथि तय नहीं हुई है।

सभी मंडलों की समीक्षा पूरी होने के बाद दिसंबर अंत में केंद्रीय निर्वाचन आयोग का पूर्ण आयोग लखनऊ आकर मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक सहित प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करेगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News