पांच साल में यूरिया उत्पादन में आत्मनिर्भर बनेगा भारत, विदेशों पर निर्भरता होगी खत्म

Share

- Advertisement -

India News: फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया का मानना है कि नई यूरिया निवेश नीति और कोयला गैसीकरण योजना से भारत अगले पांच वर्षों में यूरिया उत्पादन में आत्मनिर्भर बन सकता है। अभी देश में सालाना करीब 2.93 करोड़ टन यूरिया का उत्पादन होता है, जबकि खपत 3.96 करोड़ टन है। इससे आयात पर निर्भरता कम होगी।

फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएआई) का मानना है कि नई यूरिया निवेश नीति एवं कोयला गैसीकरण योजना से घरेलू यूरिया उत्पादन क्षमता बढ़ेगी एवं आयात पर निर्भरता कम होगी। संभव है कि अगले पांच वर्षों में यूरिया उत्पादन के मामले में भारत आत्मनिर्भर हो सकता है। अभी सालाना यूरिया उत्पादन करीब 2.93 करोड़ टन है, जबकि खपत 3.96 करोड़ टन है।

उर्वरक सब्सिडी का बोझ 2.50 लाख करोड़ रुपये तक

हालांकि, वैश्विक बाजार में कच्चे माल और उर्वरकों की बढ़ती कीमतों ने चिंता भी बढ़ा दी है। चालू वर्ष में उर्वरक सब्सिडी का बोझ बजट अनुमान से 46 प्रतिशत बढ़कर करीब 2.50 लाख करोड़ रुपये तक हो सकता है। बजट में इसके लिए 1.71 लाख करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है।

दिल्ली में सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में एफएआई के चेयरमैन एस. शंकरसुब्रमणियन ने बताया कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण वैश्विक बाजार में उर्वरकों और उनके कच्चे माल की कीमतों में तेजी आई है। शुरुआत में सब्सिडी का बोझ तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक होने की आशंका थी, मगर अब बदले हालात में करीब 2.50 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में उर्वरक सब्सिडी पर 1.86 लाख करोड़ रुपये खर्च हुए थे। चालू वर्ष में फास्फेटिक और पोटाश उर्वरकों पर ही एक लाख करोड़ से अधिक सब्सिडी का अनुमान है। शेष राशि यूरिया पर खर्च होगी।

आयातित यूरिया से महंगा है घरेलू उत्पादन

एफएआई के अनुसार वैश्विक बाजार में यूरिया की कीमतों में भारी गिरावट आई है। अपने उच्चतम स्तर 950 डॉलर प्रति टन से घटकर करीब 350 डॉलर प्रति टन पर आ गई है। एसोसिएशन के सह-अध्यक्ष सिबा प्रसाद महंती ने कहा कि महंगी गैस के कारण देश में यूरिया उत्पादन लागत 66 हजार रुपये प्रति टन पहुंच गई है, जबकि आयातित यूरिया 35 हजार रुपये प्रति टन में उपलब्ध है।

यूरिया को पोषक तत्व आधारित सब्सिडी में लाने की मांग

एफएआई ने उर्वरकों के संतुलित इस्तेमाल पर जोर देते हुए यूरिया को पोषक तत्व आधारित सब्सिडी व्यवस्था के दायरे में लाने की बात कही है। अभी फास्फेटिक और पोटाश उर्वरकों पर यह व्यवस्था लागू है, जबकि यूरिया की कीमत सरकार नियंत्रित करती है।

यूरिया पर भी पोषक तत्वों के आधार पर सब्सिडी देने से किसान अलग-अलग उर्वरकों का जरूरत के मुताबिक इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित होंगे। इससे मिट्टी में पोषक तत्वों का असंतुलन कम करने और अनावश्यक यूरिया खपत रोकने में मदद मिल सकती है।

कम बारिश और अल नीनो के प्रभाव के कारण इस वर्ष उर्वरकों की कुल खपत में कमी आने का अनुमान है। अप्रैल से अक्टूबर के बीच यूरिया की बिक्री 4 प्रतिशत घटकर 2.085 करोड़ टन रह गई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 2.164 करोड़ टन थी। घरेलू यूरिया उत्पादन तीन प्रतिशत बढ़कर 1.767 करोड़ टन हो गया। हालांकि इस अवधि में यूरिया का आयात 23 प्रतिशत बढ़कर 72 लाख टन पहुंच गया। पिछले पूरे वित्त वर्ष में 1.035 करोड़ टन यूरिया आयात किया गया था।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News