Sikkim News: भारत और चीन के बीच सीमा व्यापार सिक्किम के नाथू ला दर्रे और हिमाचल प्रदेश के शिपकी ला दर्रे के रास्ते शनिवार को छह साल बाद फिर शुरू हो गया। कोविड-19 महामारी और सीमा तनाव के कारण वर्ष 2020 से यह व्यापार बंद था। नाथू ला में आयोजित उद्घाटन समारोह में दोनों देशों के अधिकारी शामिल हुए।
सिक्किम के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की सचिव कर्मा डी. युत्सो ने बताया कि यह मौसमी व्यापार नवंबर तक हर सप्ताह सोमवार से गुरुवार के बीच चलेगा। इस साल 38 पंजीकृत व्यापारियों को पास जारी किए गए हैं। इस मार्ग से हस्तशिल्प, हथकरघा और पारंपरिक धार्मिक सामग्री समेत 36 स्वीकृत वस्तुओं का व्यापार होगा। सुरक्षा के लिए आईटीबीपी की महिला प्लाटून भी तैनात की गई है।
हिमाचल के शिपकी ला दर्रे से बार्टर सिस्टम से शुरू हुआ व्यापार
दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश के शिपकी ला दर्रे से भी दोनों देशों के बीच व्यापार बहाल हुआ। राज्य के मंत्री जगत सिंह नेगी ने 16 व्यापारियों को तिब्बत के शिपकी गांव के लिए रवाना किया। यह व्यापार बार्टर प्रणाली के तहत होगा। व्यापारियों को 72 घंटे तक व्यापार करने के बाद लौटना होगा। मंत्री ने किन्नौर के नामग्या में आधुनिक छुप्पन ट्रेड मार्ट का भी उद्घाटन किया।