Shimla News: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर (पीजी) और अन्य कोर्स की नियमित कक्षाओं का नया शेड्यूल जारी किया है। अब कैंपस में कक्षाएं 27 जुलाई के बजाय 30 जुलाई से शुरू होंगी। डीन ऑफ स्टडीज प्रो. बीके शिवराम ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विभागों और संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि प्रवेश प्रक्रिया हर हाल में 29 जुलाई तक पूरी कर ली जाए। अधिसूचना के अनुसार, छात्रों की संख्या कम होने पर भी 30 जुलाई से नियमित कक्षाएं शुरू करना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को समय पर निपटाने के आदेश दिए हैं।
30 जुलाई से 5 अगस्त तक आयोजित होगा इंडक्शन कार्यक्रम
अधिसूचना के मुताबिक, प्रथम वर्ष और प्रथम सेमेस्टर के नए छात्रों के लिए 30 जुलाई से 5 अगस्त तक छह दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विभागाध्यक्षों और निदेशकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस कार्यक्रम की अग्रिम योजना बनाकर इसे शैक्षणिक समय सारिणी में अनिवार्य रूप से शामिल करें।
सत्र की शुरुआत पर 30 जुलाई से 5 अगस्त के बीच कुलपति विभिन्न विभागों, केंद्रों और संस्थानों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे नए शैक्षणिक सत्र को लेकर शिक्षकों के साथ सीधा संवाद करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस संबंध में सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
बीटेक की तीसरी मेरिट लिस्ट जारी, 27 जुलाई तक जमा होगी फीस
विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में प्रवेश प्रक्रिया तेजी से चल रही है। इसी कड़ी में यूआईटी ने बीटेक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए तीसरी मेरिट सूची जारी कर दी है। इस सूची में चयनित उम्मीदवारों को प्रवेश पक्का करने के लिए 27 जुलाई तक फीस जमा करने की हिदायत दी गई है।
इसके अलावा विश्वविद्यालय ने एमसीए की नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटों के साथ-साथ अन्य विभागों के विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए भी मेरिट सूची जारी कर दी है। जिन छात्रों का नाम इन सूचियों में आया है, उन्हें तय समय सीमा के भीतर अपनी प्रवेश प्रक्रिया और दस्तावेज सत्यापन का कार्य पूरा करना होगा।