Shimla News: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के 57वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कई बड़ी घोषणाएं कीं। विश्वविद्यालय में जल्द ही नए दौर के आधुनिक कोर्स शुरू होंगे। सीएम ने बीटेक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कोर्स के लिए 5 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया।
बुधवार को आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों और शिक्षकों को विदेश में एक्सपोजर विजिट पर भी भेजा जाएगा। भविष्य की जरूरतों के हिसाब से एचपीयू को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग और डेटा स्टोरेज जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ना होगा। इसे ग्रीन हाइड्रोजन के लिए नोडल एजेंसी भी बनाया जाएगा।
पुराने दिनों को याद कर भावुक हुए मुख्यमंत्री सुक्खू
मुख्यमंत्री ने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन के आठ साल इसी परिसर में बिताए हैं। उनकी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत भी यहीं से हुई थी। उन्होंने बताया कि कुलपति प्रोफेसर महावीर सिंह और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा भी इसी विश्वविद्यालय के छात्र रहे हैं।
सीएम सुक्खू ने पिछली भाजपा सरकार पर राजनीतिक वजहों से 500 संस्थान खोलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने इन संस्थानों को बंद कर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर ध्यान दिया। अब 150 से अधिक सीबीएसई स्कूल खोले गए हैं और सरकारी स्कूलों में 24 हजार छात्र बढ़े हैं।
डिजिटल लाइब्रेरी और प्रशासनिक भवन का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने 10.25 करोड़ की लागत से बनने वाली आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी की आधारशिला रखी। इसके साथ ही 6.09 करोड़ रुपये से बनने वाले यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज के प्रशासनिक भवन का भी शिलान्यास किया। इस डिजिटल लाइब्रेरी से छात्रों को ई-संसाधन और शोध सामग्री आसानी से मिलेगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र का जिक्र करते हुए सीएम ने बताया कि चार मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी शुरू हुई है। 1.25 लाख रुपये के खर्च में से सरकार 80 हजार रुपये की सब्सिडी दे रही है। साथ ही 125 करोड़ से पांच स्वचालित प्रयोगशालाएं बन रही हैं, जो दिसंबर तक शुरू हो जाएंगी।