Shimla: स्कूल शिक्षा निदेशालय ने चार प्रशिक्षित स्नातक शिक्षकों (TGT) को हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (HPAS) और असिस्टेंट प्रोफेसर (इतिहास) की भर्ती प्रक्रिया के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी कर दिया है। ये शिक्षक स्क्रीनिंग टेस्ट, साक्षात्कार और व्यक्तित्व परीक्षण में शामिल होंगे।
शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, इनमें से तीन टीजीटी शिक्षक एचपीएएस भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे। वहीं, एक अन्य शिक्षक हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से असिस्टेंट प्रोफेसर (इतिहास) के पद के लिए होने वाली परीक्षा और साक्षात्कार की प्रक्रिया में शामिल होगा।
बिना अतिरिक्त अवकाश के देनी होगी परीक्षा
शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि इन परीक्षाओं की तैयारी के लिए शिक्षकों को विभाग की तरफ से कोई अतिरिक्त अवकाश नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा, परीक्षा में शामिल होने के कारण स्कूलों में शिक्षकों के नियमित कार्य और सुचारू शिक्षण व्यवस्था किसी भी तरह से प्रभावित नहीं होनी चाहिए। निदेशालय ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि कक्षाओं की पढ़ाई बाधित न हो।