Shimla News: हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की तरफ से जारी पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए अब तक 98,719 आवेदन मिल चुके हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा में कहा कि आवेदन की अंतिम तिथि 5 सितंबर से आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। भर्ती पोर्टल सुचारू रूप से चल रहा है और उम्मीदवार समय पर फार्म भरें।
आयु सीमा में पहले ही दी जा चुकी है छूट
मुख्यमंत्री ने सदन में बताया कि सरकार ने सामान्य अभ्यर्थियों को ऊपरी आयु सीमा में एक वर्ष की विशेष राहत दी है। इसके अलावा होमगार्ड जवानों को भर्ती में पांच साल की छूट दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं की सुविधा के लिए पूर्व में ही आवेदन की आखिरी तारीख 5 सितंबर तक बढ़ाई गई थी।
सदन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी 12 जिलों में फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट और फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट होने हैं। यदि आवेदन तिथि आगे बढ़ती है, तो आने वाली सर्दियों के कारण ग्राउंड टेस्ट प्रभावित होंगे। इससे भर्ती छह महीने के लिए लटक जाएगी, जो अभ्यर्थियों के हित में बिल्कुल नहीं होगा।
भाजपा विधायक की पांच दिन की मांग खारिज
मुख्यमंत्री ने भाजपा विधायक इंद्रदत्त लखनपाल की पांच दिन अतिरिक्त समय देने की मांग को सिरे से ठुकरा दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं के पास आवेदन करने का अभी भी पर्याप्त अवसर है। भर्ती प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के लिए तय शेड्यूल के अनुसार काम करना बेहद जरूरी है, ताकि युवाओं को जल्द नियुक्ति मिल सके।