Dharamshala News: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च 2027 परीक्षा सत्र के लिए राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) के अंतर्गत फ्रेश एडमिशन और अतिरिक्त विषय श्रेणी के छात्रों के लिए व्यक्तिगत संपर्क कार्यक्रम (पीसीपी) की कक्षाओं में उपस्थिति अनिवार्य कर दी है। तय कार्यक्रम के तहत ये कक्षाएं 1 फरवरी से 18 फरवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी।
19 फरवरी तक बोर्ड कार्यालय में देनी होगी रिपोर्ट
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी संबंधित अध्ययन केंद्रों को पीसीपी कक्षाओं का सफल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही केंद्रों को 19 फरवरी, 2027 तक अपनी रिपोर्ट बोर्ड कार्यालय में जमा करवानी होगी।
यदि कोई अध्ययन केंद्र निर्धारित पीसीपी कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित नहीं करता है, या कक्षाओं में छात्र अनुपस्थित रहते हैं, तो ऐसे अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) जारी नहीं किए जाएंगे।
अध्ययन केंद्रों का नवीनीकरण शुल्क जमा कराना अनिवार्य
डॉ. शर्मा ने आगे बताया कि सभी निजी एसओएस अध्ययन केंद्रों को निर्धारित अध्ययन केंद्र नवीनीकरण शुल्क 31 मार्च, 2027 तक बोर्ड कार्यालय में जमा करवाना अनिवार्य किया गया है। तय समय सीमा के भीतर शुल्क जमा न करवाने की स्थिति में संबंधित अध्ययन केंद्र का परीक्षा परिणाम रोक दिया जाएगा। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही परिणाम घोषित किया जाएगा।