Dehra News: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने देहरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों और पेंशनर्स के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वित्तीय प्रबंधन में सुधार के चलते आने वाले समय में कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (DA) जारी किया जाएगा।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाये और आर्थिक लाभ पर अहम फैसले
मुख्यमंत्री ने बताया कि 67 वर्ष से अधिक आयु वाले पेंशनर्स को पूरा एरियर, लीव इनकैशमेंट और ग्रेच्युटी दी जा चुकी है। इसके साथ ही 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच रिटायर हुए क्लास-4 कर्मचारियों को वेतन बकाये के अलावा 20 हजार रुपए की अतिरिक्त राशि दी जाएगी।
क्लास-1, 2 और 3 के पेंशनर्स के लिए बेसिक पे की शर्त हटाने के निर्देश दिए जाएंगे। इसके बाद पात्र पेंशनर्स को 35 प्रतिशत एरियर दिया जाएगा, जिससे कुल बकाये का 57 फीसदी भुगतान पूरा हो जाएगा। सरकार ने मुख्यमंत्री मछुआरा सम्मान निधि के तहत 800 मछुआरों को वित्तीय चेक भी सौंपे।
देहरा में भूमिगत डक्ट और बनखंडी पार्क को 100 करोड़ का बजट
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला की तर्ज पर देहरा में भी भूमिगत यूटिलिटी डक्ट तैयार किया जाएगा। इसके अलावा बनखंडी जूलॉजिकल पार्क परियोजना के लिए 100 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। सरकार राज्य के जल और वित्तीय अधिकारों के लिए हर स्तर पर कानूनी लड़ाई लड़ रही है।
भ्रष्टाचार पर कड़ा रुख और राजस्व बढ़ाने के ठोस प्रयास
सीएम ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार से बनाई अवैध संपत्ति जब्त कर गरीबों में बांटी जाएगी। किशाऊ बांध से प्रदेश को सालाना करीब 600 करोड़ और जेएसडब्ल्यू विवाद सुलझने से 150 करोड़ रुपए का राजस्व मिलेगा। शराब ठेकों की खुली नीलामी व्यवस्था से भी सरकारी खजाने की आय में भारी इजाफा हुआ है।