Dharamshala News: हिमाचल प्रदेश विजिलेंस ब्यूरो ने विधायक विवेकानुदान योजना में हुए सरकारी धन के गबन के आरोप में देहरा के पूर्व विधायक होशियार सिंह चंबयाल के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की है। पूर्व विधायक की कंपनी के कर्मचारियों की शिकायत पर हुई शुरुआती जांच के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है।
आधिकारिक बयान के मुताबिक, शुरुआती जांच में बैंक स्टेटमेंट, सरकारी दस्तावेजों और लाभार्थियों के बयानों की बारीकी से पड़ताल की गई। इसमें सामने आया कि साल 2023 और 2024 के दौरान कई लोगों के नाम पर विधायक निधि स्वीकृत की गई थी। लेकिन लाभार्थियों ने कभी इस वित्तीय मदद के लिए आवेदन ही नहीं किया था।
खातों में पैसे डालकर कैश वापस लेने का आरोप
लाभार्थियों का आरोप है कि बैंक खातों में ग्रांट का पैसा आते ही पूर्व विधायक के कहने पर उन्होंने कैश निकालकर उन्हें वापस सौंप दिया था। जुटाए गए सबूतों और बैंक रिकॉर्ड से साफ हुआ कि सरकारी पैसे का गलत इस्तेमाल किया गया और असली लाभार्थियों को इसका कोई फायदा नहीं मिल सका।
गबन और धोखाधड़ी के सबूत मिलने के बाद ब्यूरो ने 16 जुलाई, 2026 को धर्मशाला विजिलेंस थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 409 और 420 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। एजेंसी ने कहा कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होगी तथा अन्य शामिल लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी।