Shimla News: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। राज्य में शुक्रवार शाम तक 162 सड़कें ठप हैं। साथ ही 73 पेयजल योजनाएं और 105 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। मौसम केंद्र शिमला ने 10 और 11 अगस्त के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार 10 अगस्त को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर में भारी बारिश का खतरा है। वहीं 11 अगस्त को चंबा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट रहेगा। लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर राज्य के बाकी सभी जिलों में दोनों दिन येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने बताया कि मंडी जिले में सबसे ज्यादा 56 सड़कें बंद हुई हैं। इसके अलावा कुल्लू में 48, चंबा में 19, सिरमौर में 16, शिमला में 14, कांगड़ा में सात और ऊना में दो सड़कें ठप हैं। मंडी के बरोट-घाटासनी मार्ग पर मलबे में पर्यटक वाहन दब गया, जिसमें दो लोग बाल-बाल बचे।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में धर्मशाला में सबसे ज्यादा 91.8 मिमी बारिश हुई। इसके साथ ही जोगिंदरनगर में 76 मिमी, मंडी में 68 मिमी, मनाली में 63 मिमी और शिमला में 55 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। कंडाघाट, जट्टन बैराज, सराहन और कुफरी में भी तेज बारिश दर्ज की गई है।
मानसून की शुरुआत के बाद से राज्य में अब तक बारिश से जुड़ी दुर्घटनाओं में 65 लोगों की जान जा चुकी है। इसमें भूस्खलन से 14 और बाढ़ से एक व्यक्ति की मौत शामिल है। प्रदेश को अब तक 834 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने 13 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।