Shimla News: हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट के बीच रविवार को कई जिलों में मूसलाधार बारिश हुई। मंडी जिले के चौंतड़ा में एक घंटे की तेज बारिश से नेशनल हाईवे नाले में तब्दील हो गया और ऐहजू में कई होटलों तथा रेस्तरां में पानी भर गया।
बारिश के कारण सिरमौर की गिरी नदी पर बने जटौन बैराज के गेट नंबर चार से पानी छोड़ना पड़ा। वहीं, कुल्लू जिले की गाड़ापारली और देहुरीधार पंचायत में जमीन धंसने से दो मकान गिर गए। कुल्लू की सैंज घाटी में भी भूस्खलन से एक मकान को भारी नुकसान पहुंचा है।
मौसम विभाग ने आठ अगस्त तक जारी किया अलर्ट
राजधानी शिमला में रविवार को हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि कांगड़ा जिले के कई हिस्सों में बारिश हुई। खराब मौसम के कारण दिल्ली से धर्मशाला आने वाली स्पाइसजेट की एक फ्लाइट को रद्द करना पड़ा। घट्टा के पास पेड़ गिरने से यातायात भी बाधित रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश में आठ अगस्त तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी है।
यातायात प्रभावित और तेज हवाओं की चेतावनी
विभाग ने बिलासपुर, कांगड़ा, चंबा और सिरमौर जिलों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। दो से आठ अगस्त तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने का अनुमान जताया गया है।
सिरमौर जिले में बारिश और भूस्खलन के कारण तीन सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि नाहन-कुमारहट्टी नेशनल हाईवे पर मलबा और पत्थर आने से गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई। चंबा में दिनभर धूप और उमस रही, वहीं हमीरपुर और मनाली में रुक-रुक कर बारिश हुई।