हिमाचल प्रदेश के ऊना में पीर निगाह के पास बेकाबू होकर गहरी खाई में गिरा श्रद्धालुओं का ट्रक, 50 से अधिक लोग घायल

Share

- Advertisement -

Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीर निगाह के पास मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में करीब 50 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए हैं, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं।

हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र से ये सभी श्रद्धालु उत्तर भारत के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल पीर निगाह में दर्शन करने आए थे। इसके अलावा पानीपत, फतेहाबाद और हरियाणा के अन्य इलाकों से भी लोग अपने रिश्तेदारों के साथ जत्थे के रूप में रविवार को पीर निगाह पहुंचे थे।

धार्मिक स्थल पीर निगाह में माथा टेकने और भंडारे का आयोजन पूरा करने के बाद मंगलवार सुबह सभी श्रद्धालु माता नैना देवी के दरबार की ओर रवाना हुए थे। पीर निगाह मंदिर से महज दो किलोमीटर दूर पहुंचते ही उनका ट्रक बेकाबू होकर सड़क किनारे गहरी खाई में गिर गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत काम शुरू किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। एंबुलेंस के जरिए सभी घायल श्रद्धालुओं को तुरंत इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां अफरा-तफरी का माहौल रहा।

क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में डॉक्टरों की टीम ने घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। हालांकि, कई श्रद्धालुओं की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। पुलिस प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुट गया है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News