पीआरएस रिपोर्ट में हिमाचल की वित्तीय स्थिति चुनौतीपूर्ण, कर्ज जीएसडीपी के 40 प्रतिशत से पार

Share

- Advertisement -

Himachal News: पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च की वार्षिक रिपोर्ट स्टेट ऑफ स्टेट फाइनेंस 2026-27 के अनुसार हिमाचल प्रदेश पर कुल बकाया कर्ज जीएसडीपी के 40 प्रतिशत से अधिक हो गया है। राज्य की कुल राजस्व प्राप्तियों का करीब 88 प्रतिशत हिस्सा वेतन, पेंशन और कर्ज के ब्याज पर खर्च होता है, जिससे विकास के लिए सीमित संसाधन बचते हैं।

पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च (पीआरएस) की वार्षिक रिपोर्ट स्टेट ऑफ स्टेट फाइनेंस 2026-27 में हिमाचल प्रदेश की चुनौतीपूर्ण वित्तीय स्थिति दर्शाई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, राज्य पर कुल बकाया ऋण सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) के 40 प्रतिशत से अधिक हो गया है। इसके अलावा राज्य की कुल राजस्व प्राप्तियों का लगभग 88 प्रतिशत हिस्सा वेतन, पेंशन और कर्ज के ब्याज भुगतान में ही खर्च हो जाता है।

आंकड़ों के मुताबिक, हिमाचल अपने कुल बजट का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा राजस्व मदों पर खर्च करता है, जो सभी राज्यों के 82 प्रतिशत के राष्ट्रीय औसत से अधिक है। प्रतिबद्ध देनदारियों जैसे वेतन और पेंशन पर अधिक खर्च होने के कारण विकास कार्यों के लिए सीमित संसाधन बचते हैं।

वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में हिमाचल ने जीएसडीपी के 2.4 प्रतिशत के बराबर राजस्व घाटे का अनुमान रखा है, जबकि 2025-26 में सभी राज्यों का कुल औसत राजस्व घाटा जीडीपी का 0.71 प्रतिशत था।

कर्ज स्तर 40 प्रतिशत से ऊपर

ऋण लेने के मामले में हिमाचल देश के उन चार राज्यों—अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड और पंजाब—में शामिल है, जिनका कर्ज स्तर 40 प्रतिशत से ऊपर है। इसके मुकाबले सभी राज्यों का कुल औसत कर्ज जीडीपी का 28 प्रतिशत है।

आय के मामले में भी पिछड़े

आय के मोर्चे पर भी राज्य पिछड़ा हुआ है। हिमाचल का अपना कर राजस्व (एसजीएसटी, स्टाम्प ड्यूटी, वैट आदि) जीएसडीपी का लगभग 5.5 प्रतिशत है, जो सात प्रतिशत के राष्ट्रीय औसत से कम है। महाराष्ट्र (7.7 प्रतिशत), पंजाब (7.2 प्रतिशत) और कर्नाटक (6.7 प्रतिशत) जैसे राज्यों का कर संग्रह अनुपात इससे कहीं बेहतर है।

नकद सहायता योजनाओं पर दो प्रतिशत खर्च का अनुमान

महिलाओं, किसानों, बुजुर्गों और दिव्यांगों को दी जाने वाली बिना शर्त नकद सहायता योजनाओं पर सभी राज्यों ने 2026-27 में कुल चार लाख करोड़ रुपये खर्च करने का अनुमान लगाया है। इस मद में हिमाचल अपनी राजस्व प्राप्तियों का दो प्रतिशत हिस्सा खर्च करेगा। यह पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना समेत उन नौ राज्यों की तुलना में काफी कम है, जो अपनी राजस्व प्राप्तियों का 10 प्रतिशत से अधिक हिस्सा सीधे नकद हस्तांतरण योजनाओं पर खर्च करते हैं।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News