Shimla News: हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक ने अपने कोर बैंकिंग सिस्टम को फिनाकल 10.2.25 प्लेटफॉर्म पर सफलतापूर्वक अपग्रेड कर लिया है। इस बड़ी उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, निदेशक मंडल और पूरे स्टाफ को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इससे बैंकिंग सेवाएं अधिक पारदर्शी और बेहतर होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सहकारी बैंक प्रदेश का प्रमुख वित्तीय संस्थान है। यह सरकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नई प्रणाली लागू होने के बाद बैंक छह जिलों की 262 शाखाओं के जरिए अपने ग्राहकों को ज्यादा तेज, सुरक्षित और आधुनिक सेवाएं दे पाएगा।
कर्मचारियों को काम में मिलेगी सुविधा
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि नया सॉफ्टवेयर सिस्टम लागू होने से बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों को काम करने में काफी आसानी होगी। इससे कामकाज की गुणवत्ता सुधरेगी और ग्राहकों को भी बेहतरीन अनुभव मिलेगा। राज्य सरकार लोगों को पारदर्शी और आधुनिक सेवाएं देने के लिए लगातार कदम उठा रही है।
उन्होंने बताया कि फिनाकल 10.2.25 जैसा आधुनिक प्लेटफॉर्म लागू होने से ग्राहकों को त्वरित लेनदेन, मजबूत साइबर सुरक्षा और आसान डिजिटल बैंकिंग मिलेगी। यह पहल सुशासन को मजबूत करेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से बैंक से जुड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सहकारिता को मजबूत बनाने में सहयोग की अपील की।