Shimla News: हिमाचल प्रदेश के सरकारी और निजी स्कूलों में अब दूसरे राज्यों से आने वाले विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम अधूरा होने या पढ़ाई में अंतर का हवाला देकर निचली कक्षा में नहीं बैठाया जा सकेगा। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि छात्रों को उनके स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (SLC) में दर्ज कक्षा में ही दाखिला देना अनिवार्य होगा। इस संबंध में सभी जिला उपनिदेशकों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
अन्य राज्यों से हिमाचल प्रदेश आने वाले विद्यार्थियों के दाखिले को लेकर स्कूल शिक्षा निदेशालय ने बड़ा फैसला लिया है। अक्सर देखा जाता था कि कई स्कूल दाखिले से पहले बच्चों की स्क्रीनिंग या टेस्ट लेते थे और प्रदर्शन कमजोर रहने अथवा पाठ्यक्रम पीछे होने का तर्क देकर उन्हें पिछली कक्षा में बैठने को मजबूर कर देते थे। इससे छात्रों की शैक्षणिक निरंतरता टूटती थी और उनका मानसिक मनोबल भी प्रभावित होता था।
निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट में अंकित कक्षा के अनुसार ही विद्यार्थी को प्रवेश दिया जाए। निदेशालय ने सभी जिला उपनिदेशकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधिकार क्षेत्र के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों व मुख्याध्यापकों को इन नियमों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करवाएं।
बिना SLC वाले मामलों में RTE के तहत आयु अनुसार दाखिला
निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार, यदि किसी असाधारण परिस्थिति में विद्यार्थी के पास स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं है, तो शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE), 2009 के प्रावधान लागू होंगे। ऐसे मामलों में बच्चे की आयु के अनुरूप निर्धारित कक्षा में ही प्रवेश दिया जाएगा। किसी भी स्थिति में बच्चे को शैक्षणिक स्तर पर पीछे नहीं धकेला जा सकता।
सत्र के अंतर से होने वाली समस्या का भी समाधान
हिमाचल प्रदेश में ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन अवकाश वाले क्षेत्रों के शैक्षणिक सत्रों में अंतर रहता है। इसके चलते बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आने वाले परिवारों के बच्चों का पाठ्यक्रम अक्सर स्थानीय स्कूलों से थोड़ा आगे या पीछे हो जाता है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि पाठ्यक्रम के इस अंतर को अतिरिक्त कक्षाओं और उपचारात्मक शिक्षण से दूर किया जाना चाहिए, न कि छात्र की कक्षा घटाकर। इस निर्णय से दूसरे राज्यों से हिमाचल आने वाले सैकड़ों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बड़ी राहत मिलेगी।