हिमाचल के संस्कृत कॉलेजों में शुरू होगा कर्मकांड पुरोहित कोर्स, ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की बैठक में बोले सीएम सुखविंदर सुक्खू

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य के संस्कृत महाविद्यालयों में कर्मकांड पुरोहित की पढ़ाई शुरू कराने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की बैठक में यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि संस्कृत कॉलेजों में कर्मकांड पुरोहित के डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने पर विचार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामंजस्य और आपसी भाईचारे से ही आदर्श समाज का निर्माण संभव है। इससे सामाजिक एकता मजबूत होती है और शांति का माहौल बनता है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में बेसहारा पशुओं और नशे की समस्या पर बात करते हुए सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।

प्रदेश में वर्तमान में संचालित 222 गौ सदनों में 23,018 गौवंश को आश्रय दिया गया है। सात नए गौ सदनों का निर्माण पूरा होने पर 2500 और पशुओं को जगह मिलेगी। सरकार गौ सेवा आयोग के जरिए हर महीने 1200 रुपये प्रति गौवंश सहायता राशि दे रही है। समस्या से निपटने के लिए टास्क फोर्स बनाई गई है।

सीएम ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में मुफ्त दवाएं और निःशुल्क टेस्ट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। क्षेत्रीय और नागरिक अस्पतालों के लिए 484 प्रकार की दवाइयां अधिसूचित हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 170 और उप स्वास्थ्य केंद्रों में 91 प्रकार की दवाइयां आवश्यक सूची में शामिल की गई हैं ताकि हर मरीज को राहत मिले।

मुख्यमंत्री ने मादक पदार्थ ‘चिट्टा’ के खिलाफ चलाए जा रहे जन जागरूकता अभियान में समाज के सभी वर्गों से सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि नशे को जड़ से खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। बैठक में सचिव सामान्य प्रशासन आशीष सिंहमार ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर बोर्ड के कार्यों की जानकारी दी।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News