Shimla News: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण बुधवार को 314 सड़कें बंद हो गईं। लोक निर्माण विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर शाम तक 186 सड़कों को दोबारा खोल दिया। वर्तमान में 128 सड़कें बंद हैं, जिन्हें शुक्रवार तक पूरी तरह बहाल करने का लक्ष्य तय किया गया है।
सड़क बहाली के लिए 532 मशीनें की गईं तैनात
बुधवार सुबह राज्य में 273 सड़कें बंद थीं, जिनकी संख्या शाम तक बढ़कर 314 पहुंच गई। लोक निर्माण विभाग ने देर शाम तक 186 सड़कें खोलने का लक्ष्य पूरा कर लिया। अब विभाग गुरुवार तक 73 और सड़कें खोलेगा, जबकि बची हुई 55 सड़कों को इसके बाद चरणबद्ध तरीके से यातायात के लिए चालू किया जाएगा।
विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक शिमला जोन में सबसे ज्यादा 121 सड़कें बहाल की गईं। मंडी जोन में बंद 91 में से 39 और कांगड़ा जोन में 93 में से 68 सड़कों पर आवाजाही शुरू करा दी गई है। पूरे प्रदेश में रास्तों को साफ करने और मलबा हटाने के काम में 532 मशीनों को लगाया गया है।
अधिकारियों के लिए अनिवार्य हुआ आपदा रक्षक मोबाइल ऐप
दूसरी तरफ राज्य सरकार ने आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आपदा रक्षक मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के निर्देश दिए हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव राजस्व ने प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और अन्य संबंधित अफसरों को इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी करके ऐप के नियमित उपयोग के आदेश दिए हैं।
आपदा रक्षक ऐप अधिकारियों को मौसम के पूर्वानुमान और आपदा अलर्ट की रियल-टाइम जानकारी देगा। इस ऐप के जरिए शुरुआती चेतावनी संदेश और सुरक्षा से जुड़ी एडवाइजरी तुरंत मिल जाएगी। सरकार का मानना है कि इस कदम से राज्य में किसी भी आपात स्थिति या प्राकृतिक आपदा से तेजी और प्रभावी ढंग से निपटा जा सकेगा।