हिमाचल प्रदेश में आंधी और भारी वर्षा की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश में मौसम के बदले मिजाज से दिन के तापमान में 11 डिग्री तक की भारी गिरावट आई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 27 सितंबर को सिरमौर जिले में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं और भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने मंडी, सोलन और शिमला जिलों में आंधी के साथ भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। राज्यभर के अधिकतर इलाकों में व्यापक बारिश का पूर्वानुमान है। प्रशासन ने अचानक बदलते मौसम को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 27 और 28 सितंबर के लिए एडवाइजरी जारी की है। नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन के खतरे को देखते हुए पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों के दूर रहने की सलाह दी गई है।

सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण शनिवार को कल्पा में 21 मिलीमीटर और शिमला में 9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। ताबो में 32 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। कांगड़ा, सुंदरनगर और मुरारी देवी में बिजली गिरी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इसका प्रभाव 29 सितंबर तक रहेगा।

पिछले 24 घंटों में लाहौल स्पीति के ताबो में अधिकतम तापमान 11 डिग्री गिरा है। कल्पा में 9.9 और धर्मशाला में तापमान 2 डिग्री घटा है। वहीं ऊना में 2.2 डिग्री बढ़ोतरी के साथ अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री दर्ज हुआ। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान सबसे कम 5.3 डिग्री रहा।

प्रदेश में भूस्खलन के कारण अभी भी 39 सड़कें आवाजाही के लिए बंद हैं, जिन्हें खोलने का काम जारी है। 30 जून से 26 सितंबर के दौरान राज्य में अब तक 3219.82 करोड़ रुपये के भारी नुकसान का शुरुआती आकलन प्रशासन द्वारा किया गया है।

तापमान के आंकड़ों के अनुसार शिमला में न्यूनतम तापमान 13.5 और अधिकतम 21.4 डिग्री रहा। सुंदरनगर में 18.1 और 30.9, भुंतर में 17.8 और 31.2, कल्पा में 8.8 और 13.3, जबकि धर्मशाला में 16.3 और 26.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

कांगड़ा में न्यूनतम तापमान 20.2 और अधिकतम 29.8 डिग्री रहा। ऊना में 20.0 और 34.2, नाहन में 17.7 और 23.9, केलांग में 6.2 और 22.5, जबकि सोलन में न्यूनतम तापमान 16.2 और अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News