Shimla News: हिमाचल प्रदेश के डीजीपी और एसपी कांगड़ा से खतरा बताकर सुरक्षा लेने वाले पालमपुर के कारोबारी निशांत कुमार शर्मा से अब पुलिस सुरक्षा का खर्च वसूलेगी। हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने निशांत शर्मा को नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर 68,60,502 रुपये जमा करने का निर्देश दिया है।
निशांत शर्मा और उनके परिवार को 16 नवंबर 2023 से पुलिस सुरक्षा दी गई थी। अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) की अध्यक्षता में 5 अगस्त 2026 को हुई संयुक्त सुरक्षा समीक्षा समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया कि उनकी सुरक्षा पर हुए सरकारी खर्च की वसूली उन्हीं से की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार सीआईडी के एडीजीपी ने सुरक्षा में तैनात जवानों से जुड़े खर्च का ब्योरा मांगा था। इसमें एसपी कांगड़ा की ओर से 37,96,589 रुपये और आईआरबी सकोह की तरफ से 30,63,913 रुपये का खर्च बताया गया। यह पूरी राशि मिलाकर कुल 68,60,502 रुपये बनी है।
निशांत शर्मा का यह मामला साल 2023 में काफी चर्चा में रहा था। उन्होंने हाईकोर्ट को ईमेल भेजकर अपनी सुरक्षा को खतरा बताया था। मैक्लोडगंज थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद हाईकोर्ट के निर्देश पर तत्कालीन डीजीपी संजय कुंडू और कांगड़ा की एसपी शालिनी अग्निहोत्री का तबादला किया गया था।
बाद में जनवरी 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने डीजीपी को पद से हटाने के आदेश को बदल दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को एसआईटी गठित करने और खतरे का आकलन कर पर्याप्त सुरक्षा देने का निर्देश दिया था। पुलिस सुरक्षा पर करीब पौने तीन साल में कुल 68.60 लाख रुपये खर्च हुए।
हिमाचल के कारोबारी निशांत शर्मा से पुलिस वसूलेगी 68.60 लाख रुपये, सुरक्षा पर हुआ था भारी खर्च
Share
- Advertisement -
Read more