Shimla News: हिमाचल प्रदेश के पर्वतारोही विशाल ठाकुर ने ज़ांस्कर रेंज की 7,135 मीटर ऊंची नून पीक पर तिरंगा फहराया है। चार सदस्यीय टीम ने केवल चार दिनों में इस कठिन अभियान को पूरा किया। कारगिल के तांगोल गांव से 26 अगस्त को शुरू हुआ यह मिशन 30 अगस्त को सकुशल समाप्त हुआ।
अभियान के लिए इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन नई दिल्ली से अनुमति ली गई थी। विशाल ठाकुर ने कहा कि यह सिर्फ ऊंचाई तक पहुंचने का लक्ष्य नहीं था, बल्कि अनुशासन, तकनीकी कौशल और टीमवर्क की परीक्षा थी। दल में राहुल, निकिता ठाकुर और राकेश सिंह नेगी भी शामिल थे।
विशाल ठाकुर का लक्ष्य भारतीय हिमालय की कठिन चोटियों को फतह करना है। वह युवाओं को प्रेरित कर भारत में माउंटेनियरिंग कल्चर बढ़ाना चाहते हैं। नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग उत्तरकाशी से प्रशिक्षित विशाल मणिरंग, ब्लैक पीक, फ्रेंडशिप पीक और युनाम पीक भी रिकॉर्ड समय में फतह कर चुके हैं।
विशाल ने बताया कि नून पीक नून-कुन मैसिफ का हिस्सा है, जिसकी सिस्टर पीक माउंट कुन है। 1953 में स्विस टीम ने पहली बार इसे फतह किया था। तकनीकी ग्रेड वाली इस चोटी पर चढ़ाई के लिए आधुनिक उपकरणों का ज्ञान, अनुभव और त्वरित फैसले लेने की क्षमता बेहद जरूरी होती है।