Shimla News: हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश और भूस्खलन से भारी तबाही मची है। शिमला-धर्मशाला नेशनल हाइवे पर चलती कार पर विशाल चट्टान गिरने से कारोबारी अनिल बख्शी की मौत हो गई। राज्य में बारिश और हादसों के कारण अब तक कुल 163 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश भर में दो नेशनल हाइवे सहित 204 सड़कें पूरी तरह बंद हैं। मंडी जिले में एनएच-154 और एनएच-21 समेत 80 सड़कें अवरुद्ध हैं। कुल्लू में 56, सिरमौर में 23, चम्बा में 16 और शिमला में 14 सड़कों पर मलबा आने से यातायात ठप है।
बारिश के कारण बिजली और पानी की आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। सिरमौर के नाहन में 41 ट्रांसफार्मर ठप हैं, जिससे कई इलाके अंधेरे में डूब गए हैं। पूरे राज्य में कुल 45 ट्रांसफार्मर बंद हैं। इसके अलावा शिमला की 24 और सिरमौर की 31 समेत 82 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं।
कुल्लू की पार्वती घाटी में भूस्खलन के चलते मणिकर्ण-बरशैणी सड़क पूरी तरह बंद हो चुकी है। घटीगढ़ के पास पहाड़ी से लगातार मलबा गिर रहा है। इससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग की टीमें मलबे को हटाने के काम में लगी हुई हैं।
मानसून सीजन के दौरान 30 जून से अब तक कुल 163 लोगों की मौत दर्ज हुई है। इनमें से 93 लोगों की मौत सड़क हादसों में हुई है। भूस्खलन से 14, फ्लैश फ्लड से एक, बहने से चार और करंट लगने से छह लोगों की जान गई है। वहीं 23 लोगों की मौत फिसलने से हुई है।
आपदा में अब तक 67 पक्के-कच्चे मकान पूरी तरह नष्ट हो चुके हैं। इसके अलावा 268 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। राज्य भर में 14 दुकानें और 226 पशुशालाएं ढह गई हैं। बारिश और लैंडस्लाइड के कारण लोगों को अपने घरों से पलायन करने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
मानसून के इस सीजन में अब तक करीब 910 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति का नुकसान हुआ है। इसमें लोक निर्माण विभाग को सबसे ज्यादा 686 करोड़ रुपये की चपत लगी है। वहीं जल शक्ति विभाग को लगभग 203 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
मंगलवार को भी शिमला समेत कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रहा। नदियां और नाले उफान पर हैं, जिससे निचले इलाकों में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और अधिक बारिश होने का अनुमान जताया है, जिससे मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने 12 अगस्त को चम्बा, कांगड़ा और मंडी में भारी बारिश का येलो अलर्ट दिया है। 13 अगस्त को बिलासपुर, चम्बा, सोलन और सिरमौर में अलर्ट रहेगा। 14 अगस्त को सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 15 से 17 अगस्त तक भी कई जिलों में बारिश का अलर्ट रहेगा।