Shimla News: हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ शिमला पुलिस ने अपनी रणनीति को और सख्त कर दिया है। अब पुलिस नशा तस्करी से अर्जित की गई जमीनों की डिमार्केशन करवाकर उन्हें जब्त करेगी। इसके लिए पुलिस ने उपमंडल स्तर पर एनकार्ड बैठकों में राजस्व अधिकारियों के साथ मिलकर पूरी योजना तैयार की है।
अभियान के तहत एसडीपीओ चौपाल ने एसडीएम चौपाल और अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान नशीली दवाओं की रोकथाम, कानूनी जागरूकता और सख्त नियंत्रण संबंधी निर्देशों पर विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस प्रशासन अब नशा कारोबारियों की अवैध संपत्तियों पर सीधा प्रहार करने की तैयारी में जुट गया है।
इसी तरह एसडीपीओ रोहड़ू ने भी एसडीएम कार्यालय में उपमंडल स्तरीय एनकार्ड बैठक ली। बैठक में टिक्कर, रोहड़ू और चिड़गांव के राजस्व अधिकारियों के साथ सीमांकन मामलों में तेजी लाने पर सहमति बनी। साथ ही चौपाल में बीडीओ और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को सामुदायिक पुलिसिंग तथा सड़क सुरक्षा की जानकारी दी गई।
दूसरी ओर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने रुस्तम योजना के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खलग का दौरा किया। उन्होंने छठी से दसवीं कक्षा के 210 विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। एसएसपी ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने को कहा।