Dharamshala News: हिमाचल प्रदेश बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (HPBOSE) ने 9वीं से 12वीं कक्षा के नियमित छात्रों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। सरकारी और संबद्ध निजी स्कूलों के छात्र आधिकारिक वेबसाइट hpbose.org पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। बिना लेट फीस पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर रखी गई है।
बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार सत्र 2026-27 के लिए यह पोर्टल 8 सितंबर 2026 से चालू कर दिया गया है। जो छात्र पहले ही सालाना परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं, उन्हें नई एंट्री की आवश्यकता नहीं है। ‘न्यू रजिस्ट्रेशन’ लिंक केवल नए परीक्षार्थियों के लिए ही उपलब्ध कराया गया है।
नए परीक्षार्थियों का विवरण संबंधित स्कूल द्वारा ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। इसके लिए पोर्टल पर दिए गए फॉर्म के अनुसार स्कूल से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां भरनी होंगी। रजिस्ट्रेशन फीस प्रति छात्र 200 रुपये रखी गई है। 16 अक्टूबर से 16 नवंबर के बीच आवेदन करने पर 500 रुपये लेट फीस देनी होगी।
बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्कूल के प्रधानाचार्य, मुख्याध्यापक और कक्षा प्रभारी छात्र के नाम, माता-पिता के नाम, जन्म तिथि और वर्ग की जांच सही से करें। यदि कोई छात्र CWSN श्रेणी में आता है, तो विकलांगता प्रमाण पत्र के अनुसार उसका विवरण दर्ज करना अनिवार्य होगा।
यदि किसी छात्र की जानकारी स्कूल प्रवेश रजिस्टर से अलग पाई जाती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी स्कूल प्रशासन और संबंधित कक्षा प्रभारी की होगी। बोर्ड ने सभी स्कूलों को समय पर और बिना किसी त्रुटि के ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के सख्त निर्देश दिए हैं।