Dharamshala News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और राफेल विमान खरीद को लेकर दिए गए बयान पर गुरुवार को सदन में जमकर हंगामा हुआ। भाजपा ने मंत्री से माफी की मांग की, जिसे उन्होंने खारिज कर दिया। तीखी नोकझोंक के कारण सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस सरकार के मंत्री जगत सिंह नेगी के एक बयान को लेकर गुरुवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखा टकराव देखने को मिला। विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन सदन में बोलते हुए मंत्री जगत सिंह नेगी ने राफेल लड़ाकू विमान की खरीद में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। इसी दौरान उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा था कि इसमें पाकिस्तान के नहीं, बल्कि भारत के छक्के छूट गए थे।
मंत्री के इस वक्तव्य के विरोध में गुरुवार को भाजपा विधायकों ने सदन में हंगामा किया और उनसे माफी मांगने को कहा। हालांकि, जगत सिंह नेगी ने माफी मांगने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि माफी मांगने की बात करने वालों को खुद शर्म आनी चाहिए। भाजपा विधायक राकेश जमवाल की मांग के बाद भ्रष्टाचार और इस बयान के मुद्दे पर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार तीखी बहस होती रही, जिसके चलते विधानसभा की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा।
मंत्री जगत सिंह नेगी ने सदन के बाहर दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए जगत सिंह नेगी ने कहा कि विधानसभा की पूरी कार्यवाही रिकॉर्ड होती है और भाजपा नेता उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चर्चा के असली मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए उनके बयान को भारतीय सेना से जोड़कर नया विवाद खड़ा किया है।
अपने बयान का बचाव करते हुए मंत्री ने विधानसभा में दिए गए अपने मूल वक्तव्य को पढ़कर सुनाया। उन्होंने सदन में कहा था, “क्या राफेल विमान ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के छक्के छुड़ा दिए? आप बताओ तो सही… कहां छक्के छुड़ाए… उल्टा अपने छक्के छूट गए।” नेगी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने भ्रष्टाचार के उदाहरण के तौर पर राफेल विमान की खरीद और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान उसके इस्तेमाल पर सवाल उठाए थे, न कि भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम पर कोई टिप्पणी की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सेना के पीछे छिपकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।
पूर्व सीएम जयराम ठाकुर और ब्रिगेडियर कुशाल ठाकुर ने जताई आपत्ति
इस मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री से जवाब मांगा। उन्होंने लिखा कि क्या मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने मंत्री द्वारा सदन में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और भारतीय सेना पर दिए गए इस बयान का समर्थन करते हैं।
वहीं, कारगिल युद्ध में भाग ले चुके सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर कुशाल ठाकुर ने भी मंत्री के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा के भीतर इस तरह की बयानबाजी करना अमर्यादित और अशोभनीय है, क्योंकि इससे सेना का मनोबल प्रभावित होता है और सैनिकों की शहादत का अपमान होता है। ब्रिगेडियर कुशाल ठाकुर ने इस बयान की निंदा करते हुए मंत्री से तुरंत माफी मांगने और सरकार से उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।