Shimla News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भारी हंगामा देखने को मिला। परिसर के बाहर सत्ता पक्ष और विपक्ष ने अलग-अलग मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। भाजपा ने हिमकेयर योजना में आ रही दिक्कतों पर राज्य सरकार को घेरा।
विपक्ष के भाजपा विधायक हाथों में सवाल लिखी तख्तियां लेकर विधानसभा परिसर में पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पतालों में मरीजों को हिमकेयर योजना के तहत इलाज नहीं मिल रहा है। भाजपा सदस्यों ने प्रदेश सरकार के बड़े-बड़े दावों पर सवाल उठाते हुए जमकर नारेबाजी की और हंगामा किया।
भाजपा विधायकों का कहना था कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सेवा देना योजना का मुख्य उद्देश्य था। इसके बावजूद लोगों को अस्पतालों में इलाज की सुविधा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने सरकार से योजना की कमियां दूर कर पात्र लोगों को तुरंत इलाज देने की मांग की।
दूसरी ओर सत्ता पक्ष के कांग्रेस विधायकों ने भी परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायकों ने तख्तियों के जरिए देश में चीनी के लगातार बढ़ते दामों का मुद्दा उठाया। उन्होंने महंगाई बढ़ाने और आवश्यक खाद्य पदार्थों की कीमतें तेज होने के लिए केंद्र सरकार की नीतियों को जिम्मेदार बताया।
कांग्रेस सदस्यों का कहना था कि जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमतें बढ़ने से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। विधानसभा परिसर में सत्र शुरू होने से पहले ही दोनों राजनीतिक दलों के उग्र प्रदर्शन से माहौल गर्मा गया। सदन में बहस शुरू होने से पहले ही दोनों दल आमने-सामने आ गए।