हमीरपुर में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना से 41 बेसहारा युवाओं के मकान स्वीकृत, एडीसी गर्ग ने की कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत हमीरपुर जिले के 41 बेसहारा युवाओं को मकान निर्माण के लिए तीन-तीन लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। जिले में कुल 211 बच्चों और युवाओं को इस योजना के तहत वित्तीय लाभ प्रदान किया जा रहा है।

समीक्षा बैठक में एडीसी अभिषेक गर्ग ने बताया कि 9 बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए 7.44 लाख रुपये मिले हैं। इसके साथ ही 25 युवाओं की शादी के लिए दो-दो लाख और एक युवा को स्वरोजगार के लिए 1.40 लाख रुपये दिए गए हैं। इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना से 1962 बच्चों को 92.30 लाख रुपये मिले हैं।

एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में कोई भी पात्र बेसहारा बच्चा, युवा, एकल नारी और असहाय बुजुर्ग योजना से वंचित न रहे। जिला में 1351 आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से 14,542 बच्चों और 4081 गर्भवती व धात्री महिलाओं को विशेष पोषाहार दिया जा रहा है।

जिले के 20,980 बच्चों की जांच में 80 बच्चे गंभीर रूप से कुपोषित पाए गए हैं। एडीसी ने इनकी विस्तृत रिपोर्ट तलब कर विशेष पोषण व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि भोरंज में रागी पाउडर वितरण के अच्छे परिणाम मिले हैं। इसके अलावा कामकाजी महिलाओं के लिए 2 क्रैच केंद्र भी चल रहे हैं।

बैठक में प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना की लाभार्थियों को 89 लाख रुपये देने की जानकारी दी गई। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान पर 2.77 लाख रुपये खर्च हुए हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्यादान, शगुन योजना, विधवा पुनर्विवाह और महिला हेल्पलाइन नंबर 181 की समीक्षा भी की गई।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News