Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र राणा ने प्रेस वार्ता के दौरान राज्य की सुक्खू सरकार पर भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने हमीरपुर बस स्टैंड निर्माण से लेकर इटली में निवेश तक के मुद्दों पर सरकार को घेरा।
36 करोड़ के टेंडर पर 100 करोड़ भुगतान का लगाया आरोप
राजेंद्र राणा ने आरोप लगाया कि हमीरपुर बस स्टैंड निर्माण का टेंडर 36 करोड़ का था, लेकिन 100 करोड़ का भुगतान कैसे किया गया। उन्होंने जोल सप्पड़ मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल को बार-बार एक्सटेंशन देने और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े किए।
पूर्व विधायक ने दावा किया कि सत्तापक्ष के नेता न्यू चंडीगढ़ में महंगी जमीनें खरीद रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले समय में भाजपा कांग्रेस मंत्रियों और मुख्यमंत्री का काले झंडों से स्वागत करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पुलिस और विजिलेंस का दुरुपयोग कर रही है।
गारंटियों और घटिया सड़क निर्माण की विजिलेंस जांच की मांग
कांग्रेस की गारंटियों पर तंज कसते हुए राणा ने कहा कि सरकार 10 गारंटियां पूरी करने में विफल रही है। चुनावों में महिलाएं 1500 रुपये का हिसाब मांगेंगी। उन्होंने सुजानपुर में नाबार्ड के तहत बनी सड़क के एक साल में उखड़ने पर विजिलेंस जांच की मांग की।