हमीरपुर में नेशनल हाईवे पर ट्रक और टैक्सी की जोरदार टक्कर, जायका प्रोजेक्ट के सलाहकार की मौत, चालक घायल

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: शिमला-हमीरपुर नेशनल हाईवे पर वीरवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान राजस्थान के उदयपुर निवासी 70 वर्षीय डॉ. योगेश चंद्र भट्ट के रूप में हुई है, जो हमीरपुर में कृषि विभाग के जायका प्रोजेक्ट में सलाहकार थे।

डॉ. योगेश चंद्र भट्ट वीरवार को चंडीगढ़ एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़ने के लिए टैक्सी से जा रहे थे। भोटा से दो किलोमीटर दूर मोरसू के पास सामने से आ रहे ट्रक से टैक्सी की भीषण टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने डॉ. भट्ट को मृत घोषित कर दिया।

टैक्सी के एयरबैग खुले लेकिन नहीं बची जान

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैक्सी के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद कार के एयरबैग भी खुल गए थे, लेकिन भीषण प्रभाव के कारण सलाहकार की जान नहीं बच सकी। हादसे में घायल टैक्सी चालक केशव कालिया का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सब इंस्पेक्टर निर्मला देवी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम घटनास्थल का मुआयना कर ओवरटेकिंग और लापरवाही के एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News