Hamirpur News: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) हिमाचल प्रदेश ने जिला हमीरपुर में तैनात दो अकाउंटेंट्स के म्यूचुअल ट्रांसफर ऑर्डर्स को तुरंत प्रभाव से कैंसिल कर दिया है। एनएचएम मिशन डायरेक्टर ऑफिस (कसुम्पटी, शिमला) ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। बिना लिखित सहमति के यह ट्रांसफर प्रक्रिया पूरी की गई थी।
जानकारी के अनुसार 3 अक्टूबर को सीएमओ ऑफिस हमीरपुर में तैनात अकाउंटेंट वंदना कुमारी और बीएमओ टौणीदेवी ऑफिस में कार्यरत अकाउंटेंट शीतल गुप्ता का आपस में तबादला किया गया था। यह आदेश सामने आने के तुरंत बाद संबंधित कर्मचारी वंदना कुमारी ने स्वास्थ्य विभाग के समक्ष अपनी लिखित आपत्ति दर्ज कराई।
बिना सहमति तबादला करने पर कर्मचारी ने दर्ज कराई आपत्ति
अकाउंटेंट वंदना कुमारी ने विभाग को लिखित रूप में सूचित किया कि उन्होंने इस म्यूचुअल ट्रांसफर के लिए कभी कोई मंजूरी नहीं दी थी। नियमों के मुताबिक कर्मचारी की सहमति के बिना ऐसे ऑर्डर्स जारी करना कॉन्ट्रैक्ट एग्रीमेंट के सेक्शन 11 के नियमों का खुला उल्लंघन माना गया।
मिशन निदेशक ने संज्ञान लेकर सीएमओ को दिए निर्देश
कर्मचारी की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मिशन डायरेक्टर ने पुराने ट्रांसफर ऑर्डर्स को तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया। इसके साथ ही चीफ मेडिकल ऑफिसर हमीरपुर को इस मामले में जरूरी और त्वरित कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, जिससे पुरानी व्यवस्था बहाल हो सके।
