Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में सुजानपुर पुल के पास सेल्फी लेते समय एक युवती का पैर फिसल गया। युवती पहाड़ी से नीचे गिरकर घनी झाड़ियों में फंस गई। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू चलाकर उसे बचा लिया।
स्थानीय लोगों और दमकल टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही सुजानपुर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा उपकरणों की मदद से झाड़ियों में फंसी युवती को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवती पहाड़ी के किनारे खड़े होकर सेल्फी ले रही थी। तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे जा गिरी। गनीमत यह रही कि नीचे घनी झाड़ियां थीं, जिससे वह गहरी खाई में गिरने से बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
रेस्क्यू के बाद घायल युवती को तुरंत नागरिक अस्पताल सुजानपुर पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसे मामूली चोटें आई हैं और हालत खतरे से बाहर है। एसएचओ प्रकाश ठाकुर ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद सीटी स्कैन के लिए उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर किया गया है।