Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले स्थित भोटा के पास चौंतरा गांव में रात को रिहायशी इलाके में खूंखार तेंदुआ पहुंच गया। देर रात घर के आंगन में घूमते तेंदुए को देखकर ग्रामीण सहम गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में डर और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
रात करीब 11 बजे तेंदुआ एक मकान के आसपास और आंगन में काफी देर तक घूमता रहा। स्थानीय लोगों ने जंगली जानवर को देखते ही तुरंत सतर्कता बरती। ग्रामीणों ने तुरंत अपने बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित कमरों के अंदर बंद कर दिया ताकि कोई हादसा न हो सके।
बरसात के मौसम में खेतों में मक्के की ऊंची फसल और आसपास घनी झाड़ियां उगी हुई हैं। इस वजह से लोगों को घर से बाहर निकलने में भी डर लग रहा है। ग्रामीणों को अपने पालतू जानवरों की सुरक्षा की भारी चिंता सता रही है, क्योंकि तेंदुआ लगातार आबादी वाले इलाकों में दस्तक दे रहा है।
पहले भी इलाके में जंगली जानवरों की मूवमेंट देखी गई थी, लेकिन आंगन तक तेंदुए के पहुंचने से खतरा बहुत बढ़ गया है। ग्रामीणों ने फॉरेस्ट डिपार्टमेंट से तुरंत मौके का निरीक्षण करने की अपील की है। उन्होंने तेंदुए को पिंजरे में कैद कर जंगल में छोड़ने की मांग की है।