Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। भोरंज पुलिस थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत टिक्कर खतरियां के डूंगी गांव में 80 वर्षीय वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम छाया है।
मृतका की पहचान सत्या देवी (80) पत्नी निक्का राम के रूप में हुई है। बुधवार दोपहर बहू के नहलाने के बाद वह अपने कमरे में चली गईं और कुंडी लगा ली। कपड़े धो रही बहू को जलने की गंध आई, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी।
दो साल से डिप्रेशन में थीं वृद्धा, थिनर डालकर आग लगाने की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। आशंका जताई जा रही है कि वृद्धा ने अपने ऊपर कपड़े रखकर और थिनर (स्पिरिट) डालकर आग लगा ली।
एसपी बलवीर सिंह ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतका पिछले दो वर्षों से डिप्रेशन से जूझ रही थीं और दवाइयां ले रही थीं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारणों का सही खुलासा होगा।