Himachal Pradesh News: कृषि मंत्री एवं पूर्व सांसद चंद्र कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार की संसद विशेष बैठक महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन और लोकसभा सीटें बढ़ाने की चाल है। उन्होंने महिला आरक्षण को 2011 की जनगणना के आधार पर लागू करने की बात कही और नए जिलों के बजाय मौजूदा प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया।
हिमाचल प्रदेश के कृषि मंत्री एवं पूर्व सांसद चंद्र कुमार ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संसद की विशेष बैठक बुलाने का निर्णय महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और लोकसभा सीट की संख्या बढ़ाने की एक राजनीतिक चाल है।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक संसद द्वारा पहले ही पारित किया जा चुका है और इसे 2011 की जनगणना के आधार पर लागू किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने हिमाचल प्रदेश में नए जिलों के गठन की आवश्यकता पर भी सवाल उठाते हुए तर्क दिया कि मौजूदा प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करना कहीं अधिक महत्वपूर्ण है।
30 नवंबर से विशेष बैठक और परिसीमन पर आपत्ति
संवाददाताओं से बातचीत में चंद्र कुमार ने कहा कि केंद्र ने विपक्ष के दबाव के बाद 30 नवंबर से तीन दिसंबर तक संसद की विशेष बैठक बुलाई है, लेकिन इसका मुख्य उद्देश्य परिसीमन की कवायद में तेजी लाना है।
वर्ष 2011 की परिसीमन कवायद के दौरान संबंधित समिति के सदस्य रहे कुमार ने याद दिलाया कि उस समय जनसंख्या के आधार पर विधानसभा क्षेत्रों का समायोजन किया गया था, जिसमें कुछ सीटों को सुरक्षित और अन्य को सामान्य श्रेणी के रूप में निर्धारित किया गया था।
लोकसभा सीटों की संख्या और राज्यों के प्रतिनिधित्व का मुद्दा
चंद्र कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य लोकसभा सीट की संख्या बढ़ाकर 850 करना है। उनके अनुसार इससे उत्तर भारतीय राज्यों को अधिक प्रतिनिधित्व मिलेगा और दक्षिणी राज्यों को संभवतः नुकसान उठाना पड़ सकता है।