New Delhi News: वाट्सएप में पांच गंभीर सुरक्षा खामियां मिली हैं, जिनका फायदा उठाकर हैकर आपके फोन का डेटा चुरा सकते हैं या फाइलें डिलीट कर सकते हैं। भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल ने 26 नवंबर को हाई-सीवियरिटी एडवाइजरी जारी की है। एजेंसी ने सभी यूजर्स को तुरंत एप अपडेट करने की सलाह दी है।
एडवाइजरी के अनुसार ये खामियां एंड्रॉयड, आईओएस, मैक और विंडोज पर वाट्सएप और वाट्सएप बिजनेस को प्रभावित करती हैं। हैकर खास तौर पर तैयार किया गया मैसेज, अटैचमेंट या लिंक भेजकर इनका फायदा उठा सकता है। एक खामी में एंड्रॉयड पर ऑर्डर डिटेल्स जैसा दिखने वाला मैसेज भेजकर फोन में मौजूद वाट्सएप फाइलें डिलीट की जा सकती हैं। एक अन्य खामी मेटा एआई से जुड़े सर्टिफिकेट की गलत जांच से जुड़ी है। तीसरी खामी में विज्ञापन के जवाब वाले लिंक के जरिए यूजर का आईपी पता उजागर हो सकता है। इंस्टाग्राम रील से जुड़े जवाब और विंडोज पर अटैचमेंट के रूप में छिपी खतरनाक फाइल से भी खतरा है।
तुरंत अपडेट करने की सलाह
वाट्सएप ने बताया है कि चार खामियों के गलत इस्तेमाल का कोई सबूत नहीं मिला है, जबकि एक खामी का इस्तेमाल कुछ स्पैम मैसेज के साथ हुआ हो सकता है। एजेंसी ने सभी यूजर्स और संगठनों को मेटा की ओर से जारी ताजा अपडेट तुरंत इंस्टॉल करने की सलाह दी है। इससे पहले भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र ने वाट्सएप वेब को खुला छोड़ने के खतरों पर भी चेतावनी दी थी। एजेंसी के अनुसार ब्राउजर का टैब बंद करने से वाट्सएप लॉग आउट नहीं होता, इसलिए काम खत्म होने पर मैन्युअल रूप से लॉग आउट करना चाहिए।