Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चम्बा ब्लॉक की साच पंचायत में रविवार को ट्रांसफार्मर ठीक करते समय बड़ा हादसा टल गया। तकनीकी खराबी दूर करने के दौरान ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका हुआ। इससे पूरे गांव में हाई वोल्टेज फैल गया और दर्जनों घरों के बिजली उपकरण जल गए। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
ट्रांसफार्मर में धमाके से घरों में हुआ भारी नुकसान
स्थानीय निवासियों के अनुसार रविवार सुबह बिजली बोर्ड के कर्मचारी साच गांव में ट्रांसफार्मर की मरम्मत कर रहे थे। उसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ और सप्लाई क्षमता से ज्यादा बढ़ गई। अचानक बढ़े वोल्टेज से लोगों को सामान बचाने का मौका तक नहीं मिला। घरों के बिजली मीटर, वायरिंग, टीवी, इंडक्शन और चार्जर जलकर राख हो गए।
बिजली बोर्ड की कार्यप्रणाली से ग्रामीणों में भारी रोष
हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली बोर्ड के खिलाफ कड़ा आक्रोश जताया। लोगों का आरोप है कि इलाके में बिजली व्यवस्था लंबे समय से बदहाल है। आए दिन घंटों का शटडाउन लेने के बाद भी सुधार नहीं हो रहा है। ग्रामीणों ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से व्यवस्था दुरुस्त करने और हुए नुकसान की भरपाई करने की मांग की है।
घटना के बाद गांव की बिजली पूरी तरह ठप्प हो गई थी। बिजली बोर्ड ने दोपहर करीब 2 बजे मरम्मत के बाद सप्लाई बहाल कर दी। चम्बा के एसडीओ अजय भारद्वाज ने बताया कि ट्रांसफार्मर की तकनीकी खराबी से वोल्टेज बढ़ा था। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी गई है और लोगों के नुकसान का आकलन किया जा रहा है।