Chamba News: सलूणी विकासखंड की ठाकरी मट्टी पंचायत के प्रधान पद का चुनावी परिणाम चार महीने बाद पूरी तरह पलट गया है। एसडीएम के आदेश पर हुई दोबारा मतगणना में भारती ठाकुर ने 44 मतों से शानदार जीत हासिल की है। इससे पहले चुनाव परिणाम में संतोष कुमारी को विजेता घोषित किया गया था।
एसडीएम के निर्देश पर तीन सदस्यीय कमेटी ने की रिकाउंटिंग
सलूणी के खंड विकास अधिकारी कंवर सिंह की मौजूदगी में गठित तीन सदस्यीय प्रशासनिक कमेटी ने वोटों की दोबारा गिनती पूरी की। इस रिकाउंटिंग में भारती ठाकुर को 601 मत मिले, जबकि संतोष कुमारी 557 मतों पर सिमट गईं। इस बड़े उलटफेर के बाद प्रशासन ने भारती ठाकुर को नया प्रधान घोषित कर दिया।
संतोष कुमारी ने उठाए सवाल, हाई कोर्ट जाने का किया फैसला
मई महीने में हुई पहली मतगणना में संतोष कुमारी को 597 और भारती ठाकुर को 561 वोट मिले थे। परिणाम से असंतुष्ट भारती ने एसडीएम अदालत में याचिका लगाई थी। वहीं अब पूर्व विजेता संतोष कुमारी ने गिनती के समय अनुपस्थिति का हवाला देकर प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं और हाई कोर्ट जाने की बात कही है।