Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की ठाकरी मट्टी पंचायत में बड़ा उलटफेर हुआ है। यहां चार महीने बाद हुई दोबारा मतगणना में हारी हुई प्रत्याशी भारती ठाकुर को विजेता घोषित कर दिया गया। उन्होंने संतोष कुमारी को 44 वोटों के अंतर से हराया। इस फैसले से चुनावी प्रक्रिया पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के सलूणी विकासखंड की ठाकरी मट्टी पंचायत में 26 मई को मतदान हुआ था। उस समय कुल 1167 मतदाताओं ने अपने वोट डाले थे। पहली गिनती में संतोष कुमारी को 597 और भारती ठाकुर को 561 वोट मिले। इसके बाद संतोष कुमारी को विजयी और भारती ठाकुर को उपविजेता घोषित किया गया था।
एसडीएम के आदेश पर तीन सदस्यीय कमेटी ने कराई रिकाउंटिंग
पहली मतगणना के नतीजों से असंतुष्ट होकर भारती ठाकुर ने हार नहीं मानी। उन्होंने तय समय सीमा में एसडीएम सलूणी की अदालत में चुनावी याचिका दायर की। याचिका पर सुनवाई करते हुए एसडीएम ने वोटों की दोबारा गिनती के निर्देश दिए। प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया का पालन करते हुए रिकाउंटिंग का काम तुरंत शुरू कराया।
दोबारा गिनती में परिणाम पूरी तरह बदल गए और तस्वीर साफ हो गई। इस बार भारती ठाकुर को 601 वोट मिले, जबकि संतोष कुमारी 557 वोटों पर सिमट गईं। इस प्रक्रिया में 5 वोट अवैध पाए गए और 4 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना था। इसके बाद भारती ठाकुर को 44 वोटों से विजेता घोषित किया गया।
सलूणी के खंड विकास अधिकारी कंवर सिंह ने बताया कि मई में संतोष कुमारी को विजेता घोषित किया गया था। एसडीएम के निर्देश पर दोबारा गिनती के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई थी। इसमें सीडीपीओ, एसईपीओ और जेई शामिल थे। कमेटी की मौजूदगी में दोनों प्रत्याशियों के सभी वोटों का दोबारा मिलान शांतिपूर्वक पूरा किया गया।
भारती ठाकुर ने बताया कि पहली गिनती में उन्हें हारा हुआ बता दिया गया था। उन्होंने परिणाम पर आपत्ति जताते हुए तुरंत एसडीएम के समक्ष याचिका दायर की थी। अब दोबारा गिनती में सच सामने आ गया है और उन्हें 44 वोटों से जीत मिली है। अब वह ठाकरी मट्टी पंचायत के प्रधान पद की जिम्मेदारी संभालेंगी।