Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के खज्जियार में फोटोग्राफर कुंजलाल की मौत के मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी रजनी को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार रात घर जाने को लेकर हुए विवाद के बाद सिर पर पत्थर से वार किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस आज आरोपी को अदालत में पेश करेगी।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के खज्जियार में एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी रजनी को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार, 19 नवंबर की सुबह खज्जियार स्थित पुलिस पोस्ट के पास एक व्यक्ति का शव मिलने के बाद मामले का खुलासा हुआ। मृतक की पहचान कुंजलाल के रूप में हुई, जो खज्जियार में फोटोग्राफी कर अपना जीवन यापन करते थे।
कहासुनी के बाद पत्थर से वार करने का आरोप
पुलिस जांच के अनुसार, बुधवार रात को कुंजलाल और उनकी पत्नी रजनी के बीच घर जाने की बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में रजनी ने कुंजलाल के सिर पर पत्थर से वार कर दिया और उन्हें लहूलुहान हालत में छोड़कर वहां से चली गईं। कुंजलाल रात भर ठंड में पड़े रहे और सिर पर लगी चोट के कारण उनकी मौत हो गई।
गुरुवार सुबह पुलिस पोस्ट के पास शव देखे जाने की सूचना मिलने पर सदर पुलिस थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर रमन चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद मेडिकल कॉलेज चंबा में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
आज अदालत में पेश होगी आरोपी पत्नी
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जांच के दौरान साक्ष्य जुटाए और पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। हत्या के आरोप में गिरफ्तार रजनी को शुक्रवार, 20 नवंबर को अदालत में पेश किया जाएगा।
परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद से स्थानीय क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। कुंजलाल की बहन ने रोते हुए बताया कि उनकी भाभी ने भाई की हत्या की है। बहन के अनुसार, पति-पत्नी के बीच कभी-कभी लड़ाई-झगड़ा होता रहता था और परिवार को सुबह इस घटना की जानकारी मिली।
कुंजलाल की भांजी ने भी आरोप लगाया कि पत्नी पहले भी उनके मामा के साथ मारपीट करती थी और आसपास के लोग बताते थे कि वह किसी दिन उन्हें मार डालेगी। परिजनों ने आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।