Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर में बुधवार शाम को दर्दनाक हादसा हो गया। पंजाब से माता के दर्शन करने आए एक श्रद्धालु की बंदर के हमले से बचने के दौरान गिरकर मौत हो गई। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
जालंधर के कपड़ा कारोबारी थे मृतक विजय गुप्ता
मृतक की पहचान जालंधर (पंजाब) निवासी विजय गुप्ता के रूप में हुई है, जो पेशे से कपड़ा कारोबारी थे। विजय गुप्ता अपने परिवार और पत्नी के साथ श्री नैना देवी जी के दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन के दौरान अचानक एक बंदर ने उन पर हमला कर दिया।
सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आने से हुई मौत
बंदर के हमले से खुद को बचाने की कोशिश में विजय गुप्ता का संतुलन बिगड़ गया और वे गिर पड़े। गिरने से उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।