Crime News: बहनों के साथ हिमाचल प्रदेश में रहकर पढ़ाई करने की ख्वाहिश पूरी न होने पर एक 12 साल की मासूम छात्रा ने खुदकुशी कर ली। घटना के समय घर के बाकी सदस्य काम में व्यस्त थे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक छात्रा की पहचान ममता रायकवार के रूप में हुई है, जो कक्षा सात में पढ़ती थी। उसके पिता गोविंद रायकवार पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं। ममता गांव के ही सरकारी स्कूल में शिक्षा हासिल कर रही थी। वह अपनी बहनों की तरह बाहर जाकर पढ़ाई करना चाहती थी, लेकिन उसकी यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी।
दादी ने पाली थी मां के बिना पली-बढ़ी बच्ची
परिजनों ने बताया कि जब ममता सिर्फ पांच महीने की थी, तभी एक सड़क हादसे में उसकी मां कमला की मौत हो गई थी। मां का साया सिर से उठने के बाद उसकी दादी पुष्पा देवी ने ही उसका पालन-पोषण किया था। ममता की तीन बड़ी बहनें अपने चाचा-चाची के पास हिमाचल प्रदेश में रहकर पढ़ाई कर रही हैं।
रविवार को जब दादी घर के कामों में लगी हुई थीं, तभी ममता चुपके से ऊपर के कमरे में चली गई। वहां उसने पंखे से तौलिया बांधकर फांसी लगा ली। काफी देर तक जब वह नीचे नहीं आई, तो दादी उसे देखने पहुंचीं। थाना प्रभारी प्रकाश सिंह के अनुसार पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है।