पटना में दूध-पनीर में कैंसरकारी फॉर्मेलिन की मिलावट, सेहत के नाम पर परोसा जा रहा धीमा जहर

Share

- Advertisement -

Patna News: पटना में दूध, पनीर और क्रीम में कैंसरकारी रसायन फॉर्मेलिन की मिलावट से लोगों की सेहत से खिलवाड़ हो रहा है। वर्ष 2019 से लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं और छापामारी व जब्ती के बावजूद मिलावटखोरों पर ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही है। अधिकतर मामलों में विभाग की कार्रवाई नोटिस तक सीमित है।

जिस दूध को बच्चे से बुजुर्ग तक सेहत बनाने के लिए पीते हैं, वही अब मिलावटखोरों के मुनाफे का जरिया बनकर सेहत से खिलवाड़ कर रहा है। दूध, पनीर और क्रीम को लंबे समय तक खराब होने से बचाने के लिए उनमें कैंसरकारी रसायन फॉर्मेलिन मिलाया जा रहा है।

आईजीआईएमएस में फार्माकोलॉजी के विभागाध्यक्ष रहे डॉ. हरिहर दीक्षित बताते हैं कि फॉर्मेलिन ऐसा विषाक्त पदार्थ है, जो यदि बहुत हल्की मात्रा में भी लंबे समय तक शरीर में जाता रहे तो लिवर और किडनी खराब करने के साथ कैंसर तक का कारण बन सकता है। यदि इसकी मात्रा अधिक हो गई तो मस्तिष्क तक क्षतिग्रस्त हो सकता है। केंद्र के साथ राज्य सरकार ने भी खाद्य सामग्रियों में इसके इस्तेमाल को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया हुआ है।

बख्तियारपुर पहला नहीं, सात वर्ष पहले से विभाग को खबर

बख्तियारपुर में थाने से 300 मीटर की दूरी पर जिस डेरी से 132 लिटर फॉर्मेलिन के ड्रम मिलने के बाद करीब पौने पांच लाख रुपये का घी जब्त कर दूध, पनीर व क्रीम नष्ट कराई गई, यह कोई पहला मामला नहीं है।

इसके पूर्व इसी वर्ष आठ सितंबर को दानापुर भट्टीपर पीपा पुल के पास दूध में फॉर्मेलिन की पुष्टि के बाद 180 लीटर दूध नष्ट कराया गया। हालांकि, मौके से फॉर्मेलिन नहीं मिला था। उसने बताया था कि पशुपालक दूध खराब होने से बचाने के लिए फॉर्मेलिन मिलाते होंगे। इसके बाद 11 सितंबर को फतुहा टेढ़ी पुल के निकट डेरी में फॉर्मेलिन की पुष्टि होने के बाद 125 लीटर दूध नष्ट कराया गया था।

2024 में 27 अप्रैल को मनेर प्रखंड मुख्यालय के देवी स्थान के पास नकली दूध बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई। दूध को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए फॉर्मेलिन और पनीर को सफेद करने के लिए हाइड्रोजन परॉक्साइड मिला था। इसके बाद 1,000 लिटर दूध, पनीर, खोआ, घी व अन्य उत्पाद जांच को भेजने के साथ नष्ट कराए गए थे। खाद्य संरक्षा विभाग को सबसे पहले 2019 में दूध को खराब होने से बचाने के लिए उसमें फॉर्मेलिन मिलाने के साक्ष्य मिले थे।

नए नाम से लाइसेंस लेकर दोबारा खोल ली दुकान

खाद्य संरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार गत आठ वर्षों में दूध-पनीर के मामलों में कुल आठ मुकदमे हुए। दैनिक जागरण के बार-बार मनेर डेरी का मामला उठाने पर प्राथमिकी और मुकदमा होने के साथ दुकान बंद कराई गई। हालांकि, उसने नए नाम से लाइसेंस लेकर दोबारा दुकान खोल ली और दो वर्ष से मामला कोर्ट में लंबित है।

वहीं, गत दो माह में जहां फॉर्मेलिन मिला, उस पर जिले के अभिहित पदाधिकारी सुदामा चौधरी ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर सभी को नोटिस जारी की जा रही है। 30 दिन में जवाब मिले या नहीं, सभी पर मुकदमा किया जाएगा।

फॉर्मेलिन बिक्री की नहीं होती निगरानी

फॉर्मेल्डिहाइड की 25 प्रतिशत से अधिक सांद्रता वाले घोल को केंद्र के 2013 के मॉडल प्वाइजन रूल्स की सूची में शामिल किया गया है। इसके तहत बिक्री, खरीदार की पहचान, उद्देश्य और रिकॉर्ड पर नियंत्रण का प्रविधान है।

बख्तियारपुर में कार्रवाई करने वाले खाद्य संरक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मुकेश कश्यप ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में फॉर्मेलिन कहां से मिला, इसके लिए औषधि विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है।

वहीं, पटना के सहायक औषधि नियंत्रक चुनेंद्र महतो के अनुसार फॉर्मेलिन न तो दवा है और न ही दवा निर्माण में उसका प्रयोग होता है। इसका इस्तेमाल सर्जिकल कार्यों, पोस्टमार्टम के बाद शवों को सड़ने से बचाने के लिए और कुछ स्थानों में संक्रमण नियंत्रित करने के लिए किया जाता है। यह औषधि विभाग के नियमित ड्रग रेगुलेशन में नहीं आता है।

अंतरराष्ट्रीय कैंसर अनुसंधान एजेंसी कर चुका है सचेत

फॉर्मेलिन, खाद्य पदार्थों को सुरक्षित रखने वाला संरक्षक नहीं है। दूध में इसका इस्तेमाल सेहत से गंभीर खिलवाड़ है। फॉर्मेल्डिहाइड के संपर्क से आंख, नाक-गले में जलन, खांसी व सांस लेने में परेशानी हो सकती है। इसे निगलने पर उल्टी, पेट दर्द और गंभीर विषाक्तता का खतरा रहता है। लंबे समय तक या बार-बार संपर्क में आने से कैंसर हो सकता है। अंतरराष्ट्रीय कैंसर अनुसंधान एजेंसी ने इसे मनुष्यों के लिए कैंसरकारी पदार्थ के रूप में वर्गीकृत किया है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News