बस अड्डा निर्माण लागत और नगर निगम टेंडर पर राजेंद्र राणा का सुक्खू सरकार पर हमला

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर भ्रष्टाचार और प्रशासनिक भेदभाव के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बस अड्डा निर्माण की लागत 34 करोड़ से बढ़कर 123 करोड़ रुपये पहुंचने, परिवहन मंत्री को संबंधित कमेटियों से बाहर रखने और हमीरपुर नगर निगम में 70 ऑफलाइन टेंडर जारी किए जाने पर सरकार से जवाब मांगा है।

भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र राणा ने बुधवार को हमीरपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार किया। राणा ने सवाल उठाया कि 34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला बस अड्डा 123 करोड़ रुपये तक कैसे पहुंच गया। उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार में डूबे होने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिनके पास कभी मारुति कार में तेल डलवाने के पैसे नहीं थे, उनके पास आज करोड़ों रुपये कहां से आ गए हैं।

परिवहन मंत्री को कमेटियों से बाहर रखने पर उठाए सवाल

राजेंद्र राणा ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री को दरकिनार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्री को न तो बस अड्डा निर्माण कमेटी में शामिल किया गया है और न ही प्रदेश के लिए बसों की खरीद करने वाली कमेटी में जगह दी गई है। राणा ने मुख्यमंत्री से पूछा कि आखिर परिवहन विभाग से जुड़ी अहम कमेटियों से विभागीय मंत्री को बाहर क्यों रखा गया है और क्या मुख्यमंत्री को अपने ही उपमुख्यमंत्री पर भरोसा नहीं है।

नगर निगम के ऑफलाइन टेंडर और चुनाव पर घेराबंदी

हमीरपुर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि निगम में 70 टेंडर ऑफलाइन माध्यम से किए गए हैं। उन्होंने पूछा कि किस चहेते व्यक्ति के इशारे पर ये ऑफलाइन टेंडर जारी किए जा रहे हैं। इसके साथ ही राणा ने पिछले दो साल से नगर निगम के चुनाव न करवाए जाने को लेकर भी सरकार की मंशा पर सवाल उठाए।

मंत्रियों और विधायकों की अनदेखी के आरोप

राणा ने दावा किया कि वर्तमान सरकार में विधायक घुटन महसूस कर रहे हैं और मंत्रियों को पंगु बनाकर रख दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायकों को विधायक निधि के माध्यम से बजट नहीं दिया जा रहा है और विकास कार्यों में भेदभाव हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई कांग्रेस नेता उनके और भाजपा के संपर्क में हैं, लेकिन फिलहाल भाजपा में किसी के लिए जगह खाली नहीं है।

कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का जिक्र करते हुए राणा ने कहा कि उन्हें मंत्री पद का आश्वासन देकर पीछे लगाया गया, लेकिन मुख्यमंत्री ने आज तक पार्टी हाईकमान को उनका नाम नहीं सौंपा। इसी कारण विधायक को मजबूरन 11 दिसंबर तक का अल्टीमेटम देना पड़ा है।

पेंशनर्स पर दर्ज केस वापस लेने की मांग

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जब प्रदेश के पेंशनर्स अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने जाते हैं, तो उनके खिलाफ पुलिस मामले दर्ज कर दिए जाते हैं। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री तुरंत प्रभाव से बुजुर्गों के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर वापस लें। राणा ने यह भी आरोप लगाया कि सुखविंदर सिंह सुक्खू देश के ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं, जो खुद के हस्ताक्षर और स्वीकृति वाले पत्रों को भी बाद में रोकने के आदेश अधिकारियों को दे देते हैं।

Mukesh kumar
Mukesh kumarhttp://Rightnews.in
📰 JOURNALIST | EDITOR | VOICE OF THE GROUND Editor – Right News | 2021–Present Since 2021, working in journalism with a commitment to bringing ground realities, public concerns and important local issues before the people. From civic problems and administrative matters to social issues, development and current affairs, the focus remains on people-centric reporting and responsible journalism. सवाल वही, जो जनता से जुड़े हों। आवाज़ वही, जो ज़मीनी हकीकत सामने लाए। Right News | Journalism with Purpose

Read more

Related News