देश में आधे से ज्यादा महिलाएं एनीमिया की शिकार, दो-तिहाई टीनएजर्स में विटामिन बी12 की कमी

Share

- Advertisement -

New Delhi News: आईसीएमआर के नए राष्ट्रीय सर्वे में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। देश में 15 से 49 साल की आधे से ज्यादा महिलाएं एनीमिया से जूझ रही हैं, जबकि करीब दो-तिहाई टीनएजर्स में विटामिन बी12 की कमी पाई गई है। सर्वे में देश के 183 जिलों में 1.7 लाख से ज्यादा ब्लड सैंपल्स की जांच हुई।

अक्सर यही माना जाता है कि भारत में न्यूट्रिशन की सबसे बड़ी दिक्कत सिर्फ आयरन की कमी है, लेकिन इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के नए नेशनल सर्वे ने पूरी तस्वीर ही बदल दी है। इससे साफ है कि भारत के सामने पोषण से जुड़ी यह मुसीबत सिर्फ आयरन की कमी से कहीं ज्यादा बड़ी है।

टीनएजर्स और युवाओं में विटामिन बी12 की भारी कमी

इस रिपोर्ट का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा टीनएजर्स से जुड़ा है। आंकड़ों के मुताबिक, 66.1 प्रतिशत किशोर लड़कों और 65.4 प्रतिशत किशोर लड़कियों में विटामिन बी12 का लेवल कम पाया गया। यह समस्या सिर्फ टीनएजर्स तक ही सीमित नहीं है। 20 से 59 साल के 60.4 प्रतिशत पुरुष और 15 से 49 साल की 57.4 प्रतिशत महिलाएं भी इसकी चपेट में हैं। इसके अलावा, 63.1 प्रतिशत प्रेग्नेंट महिलाओं और बच्चे को दूध पिलाने वाली 51.8 प्रतिशत मांओं में भी विटामिन बी12 की कमी दर्ज की गई है।

महिलाओं से लेकर बच्चों तक का हाल

आईसीएमआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन के ‘संपदा’ सर्वे (2023-25) के अनुसार, 15 से 49 साल की जो महिलाएं न तो प्रेग्नेंट हैं और न ही बच्चे को दूध पिला रही हैं, उनमें से 55.9 प्रतिशत एनीमिया से पीड़ित हैं। राज्यों के हिसाब से देखें तो हालात में काफी अंतर है। अंडमान और निकोबार में यह समस्या सबसे गंभीर है, जहां इस ग्रुप की 81.2 प्रतिशत महिलाएं एनीमिया का शिकार हैं।

देश के बाकी एज ग्रुप्स में एनीमिया का असर कुछ ऐसा रहा: बच्चे को दूध पिलाने वाली महिलाएं 58.1 प्रतिशत, 10 से 19 साल की लड़कियां 46.3 प्रतिशत, प्रेग्नेंट महिलाएं 43.6 प्रतिशत, 12 से 59 महीने के छोटे बच्चे 41.8 प्रतिशत, 5 से 9 साल के बच्चे 31.3 प्रतिशत, 10 से 19 साल के लड़के 22.8 प्रतिशत और 20 से 59 साल के पुरुष 22 प्रतिशत।

क्या हर एनीमिया की वजह सिर्फ आयरन की कमी है?

सर्वे ने एक बड़ी गलतफहमी को भी दूर किया है। 10 से 19 साल की लड़कियों और 15 से 49 साल की महिलाओं में एनीमिया के इतने ज्यादा मामले होने के बावजूद, इनमें से सिर्फ 27 प्रतिशत मामलों में ही एनीमिया के साथ आयरन की कमी पाई गई। हालांकि, अलग से देखा जाए तो आयरन की कमी अब भी काफी लोगों में है। 36.3 प्रतिशत किशोर लड़कियों, 15 से 49 साल की 34.1 प्रतिशत महिलाओं, 29.6 प्रतिशत प्रेग्नेंट महिलाओं और 12 से 59 महीने के 23 प्रतिशत बच्चों में आयरन की कमी मिली। किशोर लड़कों में यह आंकड़ा 10 प्रतिशत रहा।

हर एनीमिया के पीछे आयरन, विटामिन बी12 या फोलेट की कमी नहीं होती। थैलेसीमिया, सिकल सेल डिजीज, एप्लास्टिक एनीमिया, क्रोनिक किडनी डिजीज, टीबी और कैंसर जैसी बीमारियां भी एनीमिया की वजह बन सकती हैं। इसलिए, ऐसे मरीजों को सिर्फ आयरन सप्लीमेंट्स देने से कोई फायदा नहीं होता है।

क्यों इतना जरूरी है यह सर्वे

इस साल की शुरुआत में जब एनएफएचएस-6 के फैक्ट शीट्स जारी हुए थे, तो उसमें एनीमिया के आंकड़े नहीं थे। तब सरकार ने बताया था कि इसके लिए आईसीएमआर एक अलग सर्वे करेगा, जिसमें नसों से खून के सैंपल लेकर जांच की जाएगी। अब इस सर्वे ने उसी खाली जगह को भरा है। इससे पहले एनएफएचएस-5 में 15 से 49 साल की 57 प्रतिशत महिलाओं में एनीमिया पाया गया था। हालांकि, इन दोनों रिपोर्ट्स की सीधी तुलना नहीं की जा सकती, क्योंकि दोनों में जांच के तरीके और शामिल किए गए महिलाओं के ग्रुप्स अलग-अलग थे।

इस बड़े नेशनल सर्वे में 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 183 जिलों को कवर किया गया। इसमें 81,000 से ज्यादा घरों से डेटा लिया गया, दो लाख से ज्यादा लोगों को शामिल किया गया और 1.7 लाख से ज्यादा ब्लड सैंपल्स की जांच हुई।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News